HomeUTTARAKHANDधरती पर नहीं मिला सुराग तो आसमान से शुरू हुई तलाश, दयारा...

धरती पर नहीं मिला सुराग तो आसमान से शुरू हुई तलाश, दयारा में हेलीकॉप्टर से सर्च ऑपरेशन

उत्तरकाशी।
दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र से लापता महिला की तलाश में पुलिस एवं विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों द्वारा व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। कई दिनों से चल रहे इस अभियान के तहत रविवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से पूरे दयारा ट्रेक क्षेत्र तथा आसपास के दुर्गम इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर गहन सर्च अभियान संचालित किया गया।

लापता महिला की खोज के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम), राजस्व विभाग तथा वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा दयारा बुग्याल के साथ ही आसपास के जंगलों, गहरी खाइयों, गदेरों, चट्टानों के बीच स्थित छोटे-छोटे उड्यारों, झाड़ी-झंखाड़ तथा अन्य सभी संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

रविवार को उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के सहयोग से हेलीकॉप्टर द्वारा दयारा ट्रेक मार्ग और आसपास के विस्तृत क्षेत्र का हवाई निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के अनुसार हवाई सर्वेक्षण का उद्देश्य दुर्गम एवं कठिन पहुंच वाले क्षेत्रों की बारीकी से जांच करना है, ताकि किसी भी संभावित सुराग तक पहुंचा जा सके।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय स्वयं अभियान की लगातार समीक्षा एवं निगरानी कर रही हैं। उनके निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार घटना की सूचना मिलने के बाद से ही दयारा ट्रेक क्षेत्र में कैंप कर खोज एवं बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। अभियान में शामिल सभी एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि लापता महिला की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्र की छानबीन में जुटी हुई हैं और खोज अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक महिला का पता नहीं चल जाता। दयारा बुग्याल क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू दल पूरी तत्परता के साथ अभियान को अंजाम दे रहे हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read