HomeUTTARAKHAND23-24 मई को उत्तरकाशी दौरे पर आएंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार

23-24 मई को उत्तरकाशी दौरे पर आएंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार

उत्तरकाशी।
भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगामी 23 एवं 24 मई के प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर उत्तरकाशी जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। दो दिवसीय दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम स्वयं उत्तरकाशी पहुंचे और विभिन्न व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान सुरक्षा, आवागमन, आवास, बैठक स्थलों एवं निर्वाचन संबंधी कार्यक्रमों की तैयारियों का गहन परीक्षण किया गया।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के प्रस्तावित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है तथा पुलिस, प्रशासन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है और कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दौरे को अत्यंत महत्वपूर्ण मानते हुए सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्वाचन संबंधी गतिविधियों, बूथ प्रबंधन, मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों तथा निर्वाचन प्रणाली की तैयारियों को लेकर भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और ऐसे भ्रमणों का उद्देश्य जमीनी स्तर पर निर्वाचन व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना भी होता है।

निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भ्रमण मार्ग, सभास्थलों, विश्राम स्थलों और सुरक्षा प्रबंधों का प्रस्तुतिकरण भी दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम से जुड़े प्रत्येक बिंदु पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। दौरे को लेकर जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों में समन्वय स्थापित करते हुए जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के प्रस्तावित उत्तरकाशी दौरे को प्रशासनिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन तैयारियों को लेकर पूरी गंभीरता के साथ जुटा हुआ है और लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read