HomeUTTARAKHANDनिजी अस्पताल में आग लगने की घटना पर जिला प्रशासन, पुलिस एवं...

निजी अस्पताल में आग लगने की घटना पर जिला प्रशासन, पुलिस एवं फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई, आग पर पाया काबू

आज प्रातः लगभग 09:35 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि रिस्पना पुल से आगे आईएसबीटी मार्ग स्थित निजी चिकित्सालय पैनिसिया अस्पताल में आग लग गई है। सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, फायर सर्विस, एसडीआरएफ एवं अन्य संबंधित राहत एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं तथा संयुक्त राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार अस्पताल में आग लगने की घटना शॉर्ट सर्किट के कारण हुई प्रतीत हो रही है। घटना के समय अस्पताल में कुल 14 मरीज भर्ती थे। सूचना मिलते ही फायर सर्विस एवं पुलिस टीमों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव अभियान प्रारंभ किया गया।

राहत एवं बचाव कार्य के दौरान अस्पताल में फंसे सभी सात व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। गंभीर मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर निकटवर्ती अस्पतालों में उपचार हेतु स्थानांतरित किया गया। अस्पताल में भर्ती सभी 14 मरीजों एवं अन्य घायलों को सुरक्षित रूप से नजदीकी चिकित्सालय में शिफ्ट कर दिया गया है।

फायर सर्विस, एसडीआरएफ एवं जिला पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा अस्पताल परिसर में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया गया तथा आग पर पूर्ण रूप से नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर को खाली कराते हुए पूरे क्षेत्र को नियंत्रित किया गया।

प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार घटना में वीरवती (66 वर्ष) नामक महिला की दम घुटने के कारण मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त कुल 16 व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनमें अस्पताल में भर्ती मरीज, उनके परिजन तथा राहत एवं बचाव अभियान में शामिल पुलिस एवं फायर सर्विस कर्मी सम्मिलित हैं। सभी घायलों का उपचार विभिन्न चिकित्सालयों में जारी है।

राहत अभियान के दौरान फायर सर्विस एवं पुलिस विभाग के तीन कर्मी भी घायल हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी घायलों की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

घटना में अस्पताल भवन के कुछ हिस्सों, विशेषकर सीलिंग एवं आंतरिक संरचना को आंशिक क्षति पहुंची है। जिला प्रशासन द्वारा क्षति का आकलन कराने एवं घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।

जिला प्रशासन के निर्देश पर प्रभावित मरीजों एवं उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यक सुरक्षा एवं राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाहों पर ध्यान न दें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read