HomeUTTAR PRADESHभारत मंडपम में यूथ कांग्रेस का ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन, हिरासत में कई कार्यकर्ता

भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस का ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन, हिरासत में कई कार्यकर्ता


AI Summit 2026: दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम के बाहर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने अपनी शर्ट उतारकर विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। युवा कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा कि यह प्रदर्शन “समझौता कर चुके प्रधानमंत्री” के खिलाफ है, जिन्होंने एआई समिट में देश की पहचान से समझौता किया है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। बाद में दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। सूत्रों के मुताबिक, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।


राहुल गांधी ने साधा सरकार पर निशाना


इस विरोध से पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी एआई समिट को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि भारत की प्रतिभा और डेटा का सही उपयोग करने के बजाय यह समिट एक “अव्यवस्थित पीआर शो” बनकर रह गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह समिट भारत की डिजिटल और एआई क्षमता को दुनिया के सामने दिखाने का बड़ा मौका था, लेकिन अव्यवस्था के कारण ये आयोजन पूरी तरह से प्रभावित हुआ। खड़गे ने दावा किया कि आगंतुकों और प्रदर्शकों को भोजन और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी ठीक से उपलब्ध नहीं कराई गईं।


बीजेपी ने की प्रदर्शन की आलोचना


कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भी सरकार और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव पर निशाना साधते हुए तीखी टिप्पणी की। वहीं, बीजेपी ने इस प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अंतरराष्ट्रीय एआई समिट में हंगामा कर देश की छवि खराब की है और उसे देश से माफी मांगनी चाहिए। फिलहाल, एआई समिट को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। एक ओर कांग्रेस आयोजन में अव्यवस्था और समझौते के आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर बीजेपी इसे कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति बता रही है।


पुलिस हिरासत में कई कार्यकर्ता


वहीं, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि युवा कांग्रेस के करीब 10 कार्यकर्ता शोर मचाते हुए भारत मंडपम के एक पवेलियन में घुस गए और नारे लगाने लगे। उन्होंने बताया कि कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। QR कोड से एंट्री लेकर सभी सदस्य पहुंचे थे। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं को तिलक मार्ग थाने ले जाया गया है। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read