HomeUTTAR PRADESHसालों बाद सुनहरी नाले की सफाई, हजारों मीट्रिक टन गाद निकाली गई

सालों बाद सुनहरी नाले की सफाई, हजारों मीट्रिक टन गाद निकाली गई


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दक्षिण दिल्ली स्थित सुनहरी नाले से निकाली जा रही गाद के कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण् दिल्ली और पूर्वी दिल्ली को जोड़ने वाले निर्माणाधीन बारापुला ब्रिज, फेज़-3के निर्माण कार्य की भी मौके पर जानकारी ली। इस निरीक्षण में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता, गति और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार पिछली सरकारों द्वारा छोड़ी गई लिगेसी (पुरानी) समस्याओं का समाधान कर रही है। पूर्व सरकार कई अधूरी व अवैज्ञानिक योजनाएं छोड़कर गई हैं, जिनमे ये दोनों भी शामिल हैं।


मुख्यमंत्री के इस निरीक्षण कार्य में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह व संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनहरी नाला (बारापुला ड्रेन) से जुड़ी कॉलोनियों को हर मानसून में भारी जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ता रहा है, जिसके समाधान के लिए इस एक किलोमीटर लंबे नाले से 50हजार मीट्रिक टन गाद निकाली जानी है, जिसमें से करीब 14हजार मीट्रिक टन गाद निकाल ली गई है। इस नाले की सफाई के लिए न तो उचित आउटलेट और स्लैब सिस्टम बनाए गए, जिस कारण भारी मात्रा में गाद जमा होने से आसपास की कॉलोनियों को मॉनसून के दौरान गंभीर जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली मेट्रो रेल निगम इसकी सफाई कर रहा है और उम्मीद है कि अगले साल मॉनसून से पहले इस नाले का पूरी तरह साफ कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले का ऑडिट किया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि भविष्य की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित किए बिना इतने बड़े ड्रेन का निर्माण कैसे किया गया।


मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन बारापुला फेज़-3कॉरिडोर की प्रगति की भी समीक्षा की और कहा कि यह परियोजना दिल्ली की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगी। यह एलिवेटेड कॉरिडोर सराय काले खां को मयूर विहार-I से जोड़ेगा। इसके तहत सराय काले खां से मयूर विहार तक डक्ट सहित उन्नत सड़क का निर्माण किया जाएगा। लगभग 13.3किलोमीटर लम्बे इस 6-लेन कॉरिडोर में 4.3किलोमीटर लंबी साइकिल ट्रैक की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त, परियोजना में 500मीटर लंबा 6-लेन का एक्स्ट्रा डोज़ ब्रिज शामिल है, जो देश का पहला ऐसा पुल होगा, जिसमें दोनों ओर डेडिकेटेड वॉकवे और साइकिल ट्रैक बनाए गए हैं।


मुख्यमंत्री ने बताया कि बारापुला कॉरिडोर ईस्ट दिल्ली (मयूर विहार) से साउथ दिल्ली (एम्स) के बीच कनेक्टिविटी को सुगम बनाएगा और सिग्नल-फ्री कॉरिडोर प्रदान करेगा।  यह मौजूदा डीएनडी फ्लाईओवर और एनएच-24पर यातायात के बोझ को कम करेगा और प्रतिदिन लगभग 1.5लाख वाहनों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि परियोजना में आधुनिक निर्माण तकनीक और उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, ताकि संरचना मजबूत, सुरक्षित और दीर्घकालिक बनी रहे।


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार केवल समस्याओं की पहचान ही नहीं कर रही है, बल्कि दशकों से चली आ रही लापरवाहियों पर मरहम लगाने का काम भी कर रही है। जलभराव, प्रदूषण और ट्रैफिक, तीनों मोर्चों पर दिल्ली को राहत दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस अवसर पर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी व जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि इस परियोजना में लगातार पिछली सरकार द्वारा की गई लापरवाही के कारण वर्षों की देरी हुई। वर्तमान सरकार ने मामले पर लगातार निगरानी रखी और अब सभी आवश्यक अनुमतियाँ प्राप्त हो चुकी हैं। परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read