HomeUTTAR PRADESHएयर इंडिया की ऐतिहासिक शुरुआत, दिल्ली-फिलीपींस की नॉन-स्टॉप फ्लाइट को मिला ग्रीन...

एयर इंडिया की ऐतिहासिक शुरुआत, दिल्ली-फिलीपींस की नॉन-स्टॉप फ्लाइट को मिला ग्रीन सिग्नल


Delhi-Philippines Non-Stop Flight: भारत की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया ने आज ऐतिहासिक कदम उठाते हुए दिल्ली से फिलीपींस की राजधानी मनीला के लिए पहली नॉन-स्टॉप फ्लाइट का उद्घाटन किया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुई यह उड़ान (फ्लाइट नंबर AI2362) लगभग सात घंटे की यात्रा के बाद मनीला के निनॉय एक्विनो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुचारू रूप से उतरी। यह सेवा भारत और फिलीपींस के बीच 12सालों बाद बहाल हुई, जो पहले फिलीपींस एयरलाइंस द्वारा 2013में कम मांग के कारण बंद कर दी गई थी।


एअर इंडिया के CEO और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा ‘दिल्ली-मनीला रूट की शुरुआत हमारी वैश्विक विस्तार योजना का हिस्सा है, जो भारत को दुनिया से जोड़ने के मिशन को मजबूत बनाती है। भारतीय पर्यटकों की बढ़ती संख्या और उनकी खर्च क्षमता को देखते हुए, यह नई सेवा फिलीपींस के पर्यटन को बढ़ावा देगी।’ उन्होंने जोर दिया कि यह कनेक्शन न केवल अवकाश यात्रा को आसान बनाएगा, बल्कि दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आर्थिक सहयोग को भी प्रोत्साहित करेगा।


फ्लाइट का शेड्यूल और सुविधाएं


बता दें, एअर इंडिया की यह सेवा हफ्ते में पांच दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी। दिल्ली से प्रस्थान दोपहर 1:20बजे होगा और मनीला में रात 10:40बजे पहुंचेगी। वापसी की फ्लाइट (AI2361) मनीला से रात 11:40बजे उड़ेगी और अगले दिन सुबह 8:50बजे दिल्ली पहुंचेगी। एयरबस A321neo विमान पर संचालित यह सेवा तीन श्रेणियों बिजनेस क्लास, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी क्लास के साथ यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगी, जिसमें आरामदायक सीटें, इन-फ्लाइट एंटरटेनमेंट और स्वादिष्ट भोजन शामिल हैं।


विशेष रूप से, भारतीय यात्रियों के लिए फिलीपींस ने हाल ही में 14दिनों तक वीजा-मुक्त प्रवेश की सुविधा शुरू की है, जो थाईलैंड और मलेशिया जैसे अन्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के समान है। इससे द्वीपों की खूबसूरती, समुद्र तटों और सांस्कृतिक स्थलों की यात्रा और सरल हो गई है।


पर्यटन और व्यापार का नया दौर


यह नई फ्लाइट दोनों देशों के बढ़ते संबंधों का प्रतीक है। 2023-24 में भारत-फिलीपींस द्विपक्षीय व्यापार 3.53 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो 2015-16 के 1.89 अरब डॉलर से लगभग दोगुना है। फिलीपींस में अध्ययनरत भारतीय छात्रों (विशेषकर चिकित्सा क्षेत्र में) और भारत में बसे फिलीपींस समुदाय के लिए यह कनेक्शन वरदान साबित होगा, क्योंकि अब लंबे स्टॉपओवर के बिना यात्रा संभव हो गई है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read