HomeUTTAR PRADESHमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को किया संबोधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बागपत लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को किया संबोधित

बागपत: कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में समुदाय विशेष के लिए व्यक्तिगत कानून लाने की बात लिखी है। इसके जरिये कांग्रेस देश में शरिया कानून लागू करके तालिबानी शासन लाना चाहती है। यह बात साफ करती है कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान के लिए खतरा हैं। ये कहते हैं कि हम एक झटके में गरीबी मिटा देंगे जबकि वह आपकी संपत्ति और बेटियों-माताओं के गहने जब्त करने की साजिश रच रहे हैं। पहले इन्होंने 6 दशक तक देश लूटा और अब हर संपत्ति पर डकैती डालकर अपने कब्जे में ले करके बंदरबांट की योजना बना रहे हैं। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बागपत लोकसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने लोकसभा प्रत्याशी डॉ. राजकुमार सांगवान के पक्ष में वोट की अपील की।

जो नारा दादी ने दिया वहीं आज तोते की तरह पोता भी रट रहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस को 65 वर्षों तक शासन करने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि गरीबी का जो नारा दादी ने दिया, वहीं आज तोते की तरह पोता भी रट लगाए बैठा है। इनके पास कोई विजन नहीं है। इन्हें जब देश की जनता जर्नादन ने सत्ता से बेदखल कर दिया तो फिर से इन्हें गरीबी हटाने की बात याद आती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सही मायने में गरीबी हटाने का काम किया है। उन्होंने गरीब कल्याणकारी योजनाओं के जरिये 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से उभारा है। वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का संपत्ति हड़पने का पुराना इतिहास रहा है। यह अपने लिये जीते हैं। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के लोग परिवारवादी हैं। सपा ने सभी टिकट अपने ही परिवार के लोगों को दे दिया। वहीं जब राष्ट्रीय लोक दल को जब टिकट देने बारी आई तो जयंत चौधरी ने डॉ. राजकुमार सांगवान को प्रत्याशी बनाया। पहले देश में आतंकी विस्फोट होते थे। निर्दोष लोग मारे जाते थे और सुरक्षा बलों के जवान शहीद होते थे। वहीं आज भारत में कहीं पटाखा भी फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देता है कि उसने कुछ नहीं किया। पाकिस्तान को मालूम है कि अगर उसने कुछ किया तो फिर उसको लेने के देने पड़ जाएंगे और जान बचाना मुश्किल हो जाएगा।

आपके गलत जगह वोट से देश में फिर से आतंकवाद और माफिया राज लौट सकता है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश आपका, जीवन आपका और सुरक्षा आपकी है तो वोट भी आपका है। ऐसे में वोट गलत जगह जाएगा तो आतंकवाद और माफिया राज फिर से लौटकर आएगा। किसानों और गरीबों के हक पर दोबारा डकैती पड़ने लगेगी। इतना ही नहीं बेटी और व्यापारी फिर से असुरक्षित होंगे। वहीं अपना वोट बीजेपी और सहयोगी दलों को देंगे तो आतंकवाद को सीमा पार निपटा दिया जाएगा जबकि देश में माफिया और अपराधियों को उसकी मांद में घुस करके राम नाम सत्य की यात्रा पर भेज दिया जाएगा। देश में गरीब, किसान और नौजवान के हक पर कोई डकैती नहीं डाल पाएगा। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में कोई सेंध नहीं लगा पाएगा, यही गारंटी एनडीए आपको देने के लिए आया है। हमें अपने एक-एक वोट की कीमत समझनी है क्योंकि घर, गृहस्थी, खेती-बाड़ी देश से बढ़कर नहीं है। हमारे लिए सबसे पहले हमारा देश और उसकी सुरक्षा है क्योंकि जब हम सुरक्षित रहेंगे तभी देश समृद्ध होगा। वहीं देश समृद्ध होगा तो हम समृद्ध होंगे। हमें इसी भाव के साथ काम करना है। इसके लिए हमें देश के लिए वोट करना है।

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read