HomeUTTARAKHANDघर-घर जाकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से द्वितीय चरण की मतदान प्रक्रिया...

घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से द्वितीय चरण की मतदान प्रक्रिया 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2024 तक पूर्ण करवाई जायेगी: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी

देहरादून: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस ब्रीफिंग करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में राज्य के सभी जनपदों में घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से प्रथम चरण के मतदान की कार्यवाही आज पूर्ण हो जायेगी। अभी तक 85 वर्ष से अधिक 9993 मतदाताओं में से 8680 ने मतदान कर लिया है। 2899 दिव्यांग श्रेणी के मतदाताओं में से 2595 दिव्यांग मतदाताओं ने अभी तक अपना मतदान कर लिया है। घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से द्वितीय चरण की मतदान प्रक्रिया 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2024 तक पूर्ण करवाई जायेगी।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान के दिवस पर विभिन्न सूचनाओं को प्राप्त करना प्राथमिकता का कार्य होता है, इसमें समयबद्धता बहुत जरूरी होती है। मतदान के दिवस के लिए पोल डे मॉनिटरिंग सिस्टम (पीडीएमएस) व्यवस्था को प्रभावी किया गया है। इस सिस्टम के अन्तर्गत पीठासीन अधिकारी दो तरीके से सूचनाओं को दे सकते हैं। पीडीएमएस ऐप के माध्यम से सूचनाओं को दे सकते हैं। किसी क्षेत्र में नेटवर्क या अन्य कोई समस्या होने पर एस.एम.एस के माध्यम से भी सूचनाओं का आदान-प्रदान कर सकते हैं। सभी पीठासीन अधिकारी पीडीएमएस ऐप पर पंजीकरण करायेंगे, और मतदान प्रक्रिया की समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देंगे। जिसमें सामग्री प्राप्ति, मतदान दल के प्रस्थान, मतदान दिवस पर मॉक पोल के प्रारंभ, वास्तविक मतदान के प्रारंभ, हर दो घण्टे बाद मतदान प्रतिशत की सूचना भेजना, मतदान समाप्ति के बाद पुरूष और महिला मतदाताओं की संख्या एवं अन्य सभी विवरण देंगे। मतदान के समय में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर इस ऐप के माध्यम से सूचना भेज सकते हैं। इस व्यवस्था के लिए राज्य और जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम बनाये जायेंगे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read