HomeUTTAR PRADESHUNHRC में भारत ने पाक को लिया आड़े हाथ, क्षितिज त्यागी बोले-...

UNHRC में भारत ने पाक को लिया आड़े हाथ, क्षितिज त्यागी बोले- आतंक को पनाह देने वाला देश हमें न सिखाए…


India In UNHRC: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC) में भारत ने पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया और उसकी आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली नीतियों की कड़ी निंदा की। भारत ने स्पष्ट किया कि उसे ऐसे देश से कोई सबक लेने की जरूरत नहीं, जो आतंकियों को पनाह और फंडिंग देकर वैश्विक सुरक्षा के लिए खतरा बना हुआ है।


जिनेवा में भारत के स्थायी मिशन के काउंसलर क्षितिज त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान बार-बार झूठ और पुराने प्रचार को इस मंच पर दोहराता रहता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान के अपने नेताओं ने इसे ‘डंप ट्रक’ करार दिया है, जो उसकी साख को दर्शाता है।


त्यागी ने अप्रैल में हुए पहलगाम हमले का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान की आतंकवादी गतिविधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 9/11की बरसी, जो हाल ही में मनाई गई, हमें आतंकवाद के खिलाफ सतर्क रहने की याद दिलाती है। उन्होंने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए कहा कि उसने 9/11के मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन को न केवल पनाह दी, बल्कि बाद में उसे ‘शहीद’ तक बताया। यह पाकिस्तान की दोहरी नीति को उजागर करता है।


पुलवामा-उरी हमलों का जवाब


भारत ने पाकिस्तान के ढोंग को बेनकाब करते हुए कहा कि पुलवामा, उरी, पठानकोट और मुंबई जैसे हमलों की सूची अंतहीन है। त्यागी ने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान इन आतंकी नेटवर्क्स को फंडिंग और संरक्षण देता है, जो वैश्विक शांति के लिए खतरा हैं। उन्होंने कहा, “दुनिया पाकिस्तान के इस नाटक को अच्छी तरह समझ चुकी है। पहलगाम हमले पर भारत की सटीक कार्रवाई इसका सबूत है कि हम न भूलते हैं, न माफ करते हैं।”


त्यागी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत को न तो आतंक के सरपरस्त से सबक चाहिए, न ही अल्पसंख्यकों के उत्पीड़क से उपदेश, और न ही उस देश से सलाह, जिसने अपनी विश्वसनीयता खो दी है। भारत ने UNHRC में अपनी बात मजबूती से रखकर यह स्पष्ट कर दिया कि वह आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति पर अडिग है और पाकिस्तान के खोखले दावों को बेनकाब करता रहेगा।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read