HomeUTTAR PRADESHअब यूपी के ट्रांसजेंडर भी मतदाताओं को करेंगे जागरूक

अब यूपी के ट्रांसजेंडर भी मतदाताओं को करेंगे जागरूक

लखनऊ/गोण्डा: उत्तर प्रदेश के ट्रांसजेंडर भी अब मतदाताओं को जागरूक करेंगे। इसके लिए वो निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस पहल की शुरुआत जनपद गोण्डा से होने जा रही है। रविवार को इंटरनेशनल ट्रांसजेंडर डे ऑफ विजिबिलिटी के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्रांसजेंडर सवांद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर्स ने अपने विचार भी रखे और मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय योगदान देने हेतु आश्वासन भी दिया।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने में करेंगे योगदान
अमृता सोनी एवं पूजा मिश्रा ने अपने सभी ग्रुप समेत लगभग 22 ट्रांसजेंडर्स के साथ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान ट्रांसजेंडर ग्रुप की मुखिया अमृता सोनी ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के संबंध में विभिन्न प्रकार के सुझाव प्रस्तुत किये। साथ ही उन्होंने कहा कि हम सभी लोग गांव में शहरों में तथा अन्य सभी स्थानों पर कार्यक्रम के लिए जाते हैं और हम लोग जनपद में अब मतदान प्रतिशत बढ़ाने के संबंध में विभिन्न प्रकार के नुक्कड़ नाटक एवं अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। सभागार में आयोजित स्वीप कार्यक्रम में उपस्थित सभी ट्रांसजेंडरों ने अपने-अपने विभिन्न प्रकार के सुझाव रखे तथा उन्होंने प्रशासन से अपने सुविधाओं के संबंध में कई अन्य मांग को भी प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में ट्रांसजेंडर पूजा मिश्रा ने कहा कि हम प्रशासन को आश्वस्त करते हैं कि जिलाधिकारी की इस अनूठी पहल के संबंध में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करेंगे। साथ ही हम सभी लोग भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

शत प्रतिशत मतदान पर जोर
ट्रांसजेंडर संवाद में डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि ट्रांसजेंडर कम्युनिटी का आम जनता से जुड़ाव बहुत ही अच्छा है। अन्य वालंटियर के मुकाबले ट्रांसजेंडर आमजन से ज्यादा जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में 25 लाख से अधिक मतदाता है। उसमें से 97 ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि भारत में होने वाला लोकसभा चुनाव दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव है। इसमें ट्रांसजेंडर कम्युनिटी का भी अहम रोल है। उन्होंने सभी ट्रांसजेंडर वोटरों को 20 मई का मतदान करने के अपील की। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग सभी लोगों को चुनाव में शामिल करने पर जोर दे रहा है।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० रश्मि वर्मा, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश, नगर मजिस्ट्रेट विजय शर्मा, उप जिलाधिकारी सदर गोंडा अवनीश त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर नेहा मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, नायब तहसीलदार देवेंद्र कुमार, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read