लखनऊ। लखनऊ लोकसभा के भाजपा के सांसद प्रत्याशी राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) के पक्ष में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा (AK Sharma) ने लखनऊ के 1090 चौराहे के समीप चटोरी गली में जनसम्पर्क अभियान और बाबू बनारसी दास वार्ड में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह को इस बार 5 लाख के अंतर से जीत दिलाकर लोकसभा भेजने का हम सब ने संकल्प किया है। पिछले कार्यकालों में उन्होंने लखनऊ को 54 हजार करोड़ से ज्यादा की सौगात दी है। हमारा यह कर्तव्य बनता है कि उनके इस महायज्ञ में अपनी महत्वपूर्ण आहुति अपने वोट के रूप में कमल का बटन दबाकार देनी है।
मंत्री एके शर्मा (AK Sharma) ने कहा कि हम सब जानते हैं कि राजनाथ जी चुनाव जीत रहे हैं। यह चुनाव जीत से ज्यादा जीत के अंतर को 5 लाख से ज्यादा करने का है। जिसका हम सभी कार्यकर्ता भाइयों के साथ ही लखनऊ लोकसभा की जनता ने पूरा करने का प्रण कर लिया है। उन्होंने कहा कि राजनाथ जी ने लखनऊ में रिंग रोड और पुलों की जो श्रृंखला के साथ ही डिफेन्स प्रोडक्शन भी स्थापित कर दिया है, उसे निरंतर जारी रखने के लिए हमें उनके हाथों को और भी मजबूत करना है।
उन्होंने (AK Sharma) राजनाथ जी के स्वभाव के बारे में बताते हुए कहा कि वो जब भी किसी से मिलते है तो लगता ही नहीं कि वह पहली बार मिल रहे हैं। ऐसा अनुभव होता है कि वह आपको व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। लखनऊ के चौतरफा विकास के लिए वे हमेशा चिंतित रहते हैं और अपने सफल प्रयासों से लखनऊ वासियों के साथ ही पूरे देश की जनता को हर संभव सुविधायें देने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। राजनाथ जी लखनऊ के सासंद के साथ ही देश के गृह मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में रक्षा मंत्री भी हैं। इसलिए वह पूरे देश जनता का बहुत ही ख्याल रखते हैं। ऐसे सांसद को और भी मजबूत करने का हम सबका संकल्प है। यह जीत लखनऊ की जनता की है और 400 पार की भाजपा की माला में लखनऊ का कमल एक बार फिर सजाने की है।
उन्होंने (AK Sharma) कहा कि मैं प्रदेश के कई जिलों में आयोजित सम्मलेन के दौरान यह स्पष्ट दिखा है कि मोदी जी पर लोगों का बहुत विश्वास है। उनके कार्यों को लेकर जनता और कार्यकर्ता दोनों में ही बहुत जोश है। हम सभी आजाद भारत के स्वर्णिम काल में हैं। जहां अब सभी को अन्न, आवास, शौचालय और बिमारी का इलाज कराने के लिए भटकना नहीं पड़ता है। आयुष्मान योजना के तहत दिए जा रहे 5 लाख के मुफ्त इलाज़ से माताओं-बहनों को अब अपने ज़ेवर बेचने नहीं पड़ते हैं। और यह सभी सुविधाएं भविष्य में भी निरंतर मिलती रहेंगी और इसके लिए हमें मोदी जी के हाथों को और भी मजबूत करना है। उन्होंने जनता के साथ ही कार्यकर्त्ता भाइयों से अनुरोध किया कि लोकसभा चुनाव के पिछले चरणों में वोट प्रतिशत की कमी देखने को मिली है। हमें एक जुट होकर मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का उपयोग करना है। वहीं कार्यकर्ताओं को भी यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति बिना वोट डाले न रह जाये।
कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम आयोजक अनिकेत तिवारी (प्रभारी/कार्यसमिति सदस्य भारतीय जनता पार्टी , कैंट 3 , लखनऊ महानगर), विशिष्ट अतिथि के रूप में दयाशंकर सिंह (परिवहन मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार), गरिमामयी उपस्थिति सुरेश चंद्र तिवारी (पूर्व विधायक लखनऊ कैंट), श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी (महापौर लखनऊ) व बाबू तिवारी (वरिष्ठ भाजपा नेता) के साथ ही हजारों की संख्या में कार्यकर्त्ता और जनता मौजूद रही।









