HomeUTTAR PRADESHसोनीपत में तेज रफ्तार का कहर, क्रेटा कार की एलईडी लाइट से...

सोनीपत में तेज रफ्तार का कहर, क्रेटा कार की एलईडी लाइट से ट्रैक्टर पलटा, दो किसानों की दर्दनाक मौत


Sonipat Road Accident: हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव चिटाना में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किसानों की मौत हो गई। दोनों किसान अपने खेतों में नहरी पानी लगाने जा रहे थे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार की एलईडी लाइट आंखों में लगने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार दोनों किसानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


घटना रात करीब 11बजे की बताई जा रही है। मृतक किसानों की पहचान मनोज (39वर्ष) और योगेश (25वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों गांव चिटाना के ही निवासी थे। बताया जा रहा है कि मनोज ट्रैक्टर चला रहा था जबकि योगेश उसके साथ बैठा था। जैसे ही ट्रैक्टर गांव से करीब 500मीटर दूर राजेश के खेत के पास पहुंचा, सामने से आ रही क्रेटा कार की तेज रोशनी मनोज की आंखों में पड़ी, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर खेत में पलट गया, जो गहराई में था, और दोनों उसके नीचे दब गए।


स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद योगेश ने बचाव के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन रात का समय होने के कारण कोई आसपास नहीं था। कुछ देर बाद राहगीर ने घटना देखी और ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।


सूचना मिलने पर मोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव से गुजरने वाली गाड़ियों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार चालक की पहचान हो सके।गांव में हादसे के बाद शोक की लहर है।


मृतक मनोज अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। वह तीन-चार एकड़ जमीन पर खेती करता था और उसके परिवार में पत्नी और 11साल का बेटा है। वहीं योगेश अविवाहित था और 12वीं के बाद खेती कर रहा था। उसका बड़ा भाई दिल्ली पुलिस में कार्यरत है।


स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव से गुजरने वाले मुख्य मार्गों पर रात में तेज एलईडी लाइट और रफ्तार पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read