HomeUTTAR PRADESHयमुना के कहर से परेशान दिल्लीवासी...जलस्तर पहुंचा 207.90 मीटर के करीब, जारी...

यमुना के कहर से परेशान दिल्लीवासी…जलस्तर पहुंचा 207.90 मीटर के करीब, जारी हुई एडवाइजरी


Delhi Flood: केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने दिल्ली में यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर बुधवार को नई एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने चेतावनी दी है कि रात 8 बजे तक यमुना का जलस्तर 207.90 मीटर के करीब पहुंच गया है, जो खतरे के निशान (205.33 मीटर) से काफी ऊपर है।


सुबह 5 बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर जलस्तर 206.74 मीटर दर्ज किया गया, जो मंगलवार शाम के 206.22 मीटर से अधिक है। हथिनीकुंड, वजीराबाद और ओखला बैराज से क्रमशः 1,70,728, 1,25,485 और 1,65,145 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वालों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।


पिछले 24 घंटों में हरियाणा और उत्तराखंड जैसे ऊपरी राज्यों में भारी बारिश ने यमुना में पानी का प्रवाह तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए दिल्ली में मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बारिश और बैराजों से छोड़े गए पानी ने निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ा दिया है। मयूर विहार, यमुना बाजार और नजफगढ़ के झरोड़ा कलां जैसे क्षेत्रों में पानी घुस चुका है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।


बचाव अभियान तेज, राहत शिविर स्थापित


दिल्ली सरकार और प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। नावों के जरिए यमुना के किनारे और निचले क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। मयूर विहार और यमुना बाजार में राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां प्रभावित परिवारों को भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। झरोड़ा कलां में मंगलवार को 10 से अधिक लोगों को घुटनों तक पानी से निकाला गया और सरकारी स्कूलों में बनाए गए शिविरों में शरण दी गई।


सरकार का आश्वासन, अगले 48 घंटे अहम


दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने ITO बैराज का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि 2023 जैसे हालात नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि यमुना बेल्ट पर बने अवैध निर्माणों के बावजूद लोगों को रेस्क्यू कर शिविरों में भेजा जा रहा है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगले 24-48 घंटे महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि जलस्तर में और वृद्धि की आशंका है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read