HomeUTTAR PRADESHबीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन, सीएम...

बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन, सीएम योगी ने जताया शोक


Faridpur MLA Death: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। फरीदपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। यह घटना बरेली स्थित सर्किट हाउस में उस समय हुई, जब पशुधन मंत्री की अध्यक्षता में एक बैठक चल रही थी। बैठक के दौरान डॉ. श्याम बिहारी लाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें तेज सीने में दर्द की शिकायत हुई।


मौके पर मौजूद अधिकारियों और पार्टी नेताओं ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से पूरे जिले और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।


एक दिन पहले मनाया था जन्मदिन


बताया जा रहा है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था। अचानक हुई इस घटना से उनके परिवार, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को गहरा सदमा लगा है। डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए थे और क्षेत्र में एक सक्रिय और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि माने जाते थे।


सीएम योगी जताया दुख


सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी बीजेपी विधायक के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, जनपद बरेली के फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।


लगातार दूसरी बार बनने विधायक


डॉ. श्याम बिहारी लाल ने साल 2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सियाराम सागर को हराकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया था। इसके बाद साल 2022 में उन्होंने एक बार फिर फरीदपुर सीट से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार विधायक बनने का गौरव हासिल किया। उनके निधन से फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक खालीपन पैदा हो गया है।


पार्टी समर्थकों ने ऐसे किया याद


स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉ. श्याम बिहारी लाल हमेशा जनता की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते थे और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास करते थे। बीजेपी संगठन और राज्य सरकार के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें एक सरल, कर्मठ और जनता के बीच रहने वाले नेता के रूप में याद किया। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read