HomeUTTAR PRADESHपुणे की सड़कों पर फिर मचा कोहराम, तेज रफ्तार कंटेनर ने छीनी...

पुणे की सड़कों पर फिर मचा कोहराम, तेज रफ्तार कंटेनर ने छीनी 4 जिंदगियां; 20 से ज्यादा लोग घायल


Pune Road Accident: महाराष्ट्र के पुणे जिले के खेड़ तालुका के कुंडेश्वर में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह हादसा एक तेज रफ्तार कंटेनर के अनियंत्रित होकर 7-8 वाहनों को टक्कर मारने और सड़क किनारे एक दुकान में घुसने के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग मंदिर दर्शन के लिए यात्रा कर रहे थे।


कहां-कैसे हुआ ये हादसा?


दरअसल, ये घटना पुणे जिले के खेड़ तालुका में शिक्रापुर-चाकन रोड पर करांदी गांव के पास घटी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक मालवाहक कंटेनर चालक वाहन से अचानक नियंत्रण खो बैठा। जिस वजह से अनियंत्रित होकर 7 से 8 वाहनों को रौंद डाला। जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा सड़क किनारे स्थित एक दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा।


राहत और बचाव कार्य


दूसरी तरफ, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और एंबुलेंस सेवाएं भी मौके पर पहुंचीं, और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं, पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस की कार्रवाई


पुलिस ने शुरुआती जांच में कंटेनर चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना है। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, और यह जांच की जा रही है कि क्या वाहन की तकनीकी खराबी या चालक की गलती इस दुर्घटना का कारण बनी। वहीं, प्रशासन ने घायलों के इलाज के लिए त्वरित व्यवस्था की है और सड़क पर यातायात को सामान्य करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read