जलालपुर,अंबेडकरनगर। पड़ोसी युवक द्वारा युवती को विश्वास में लेकर गहने और नकद रुपए हड़प लेने के मामले में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। मामला कटका थाना क्षेत्र से सामने आया है। थाना क्षेत्र के अमोल बुजुर्ग निवासिनी महिला फातिमा ने पुलिस को भी दी गई तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी अनुपस्थिति में बीते 22 अगस्त को पड़ोसी नीरज गौड़ पुत्र शिव कुमार गौड़ द्वारा उसकी पुत्री उसका खातून को विश्वास में लेते हुए तीन सोने की चेन, एक झाला तथा बीस हजार रूपये नकद वापस करने का भरोसा दिला कर ले लिए गए। उक्त सामान वापस नहीं करने पर जब पुत्री उजमा खातून द्वारा महिला को सूचित किया गया तो महिला द्वारा आरोपी नीरज गौड़ से दिए गए गहनों तथा नकद पैसे को वापस मांगा गया। महिला द्वारा गहने और पैसे को वापस मांगने पर आरोपी नीरज द्वारा देने से साफ का इनकार कर दिया गया। पड़ोसी के इस कृत्य से आहत महिला ने पुलिस में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा कर लिया गया है, जांच के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।









