वार्डों व मोहल्लों की सड़कों पर कूड़ा और पटी पड़ी हैं नालियां
गंदगी की दुर्गंध से नगरवासियों समेत हजारों की संख्या में जायरीन परेशान
अम्बेडकरनगर। जिले में सरकार द्वारा एक तरफ जहां शहर से लेकर ग्रामीण में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है और अधिकारियों को हिदायतें भी दी जा रही है वहीं धरातल पर जिधर देखिए वहीं गंदगी का अम्बार लगा है जिससे संक्रामक बीमारियां पांव पसार रही हैं। इसके लिए नगर पंचायत किछौछा नजीर है।
ज्ञात हो कि शासन के निर्देश पर जिले में स्वच्छता अभियान चल रहा है। सफाई के नाम पर भारी भरकम धनराशि कर्मचारियों और संसाधनों पर व्यय हो रहा है। इसके बावजूद भी कहीं समुचित ढंग से सफाई नहीं दिखाई पड़ रही है। शहर हो अथवा ग्रामीण चारो तरफ गंदगी का अम्बार लगा है। नजीर के तौर पर देखा जाए तो किछौछा नगर पंचायत क्षेत्र के दरगाह शरीफ समेत बसखारी व अन्य मोहल्लों को जाने वाले मार्गों पर कूड़ों का ढेर लगा है। पटी पड़ी है जिससे जल निकासी नहीं हो पा रही है। कूड़ों और कचरों की दुर्गंध से वहां रहने वाले लोगों के साथ आस्ताने पर मत्था टेकने के लिए हजारों की संख्या में जो श्रद्धालु व जायरीन आते हैं,सामना करने को मजबूर हैं। नगर पंचायत के सफाई कर्मी हैं तो उनके द्वारा सही ढंग से दायित्व का निर्वहन नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायतों को ईओ व चेयरमैन द्वारा गंभीरता से न लेने के चलते सफाई कर्मियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मियों पर किसी का नियंत्रण नहीं है जब मन में आया तो मोहल्लों में आये और दिखावे के लिए इधर-उधर थोड़ा बहुत कूड़ा हटाये और नालियों की सफाई किये। इस सफाई से न तो मार्गों से पूरी तरह कूड़ा-कचरा साफ हो रहा है और न ही नालियों का पानी प्रवाहित हो पा रहा है। लोगों का कहना है कि जिस तरह सफाई में मनमानी व लापरवाही की जा रही है इससे संक्रामक बीमारियां जैसे-डेंगू,टाईफाइड के अलावा जो भी रोग हैं उसकी चपेट में आकर तमाम लोग अस्पतालों का चक्कर लगाने को विवश हैं। इन सबके बावजूद जिम्मेदारों की नींद नहीं खुल रही है।









