जलालपुर,अम्बेडकरनगर। नवरात्रि पर्व पर मां दुर्गा के 9 स्वरूपों का दर्शन पूजन करने के बाद अंतिम विदाई दी गई। जलालपुर कस्बा और तहसील क्षेत्र के गांवों से देर रात्रि तक मां के जयकारे लगाते हुए भक्त मां दुर्गा की प्रतिमा को ट्रालियों पर उनकी भव्य झांकी सजाकर नजदीक के नदी घाट पर पहुंचकर विसर्जन किया। जलालपुर कस्बा के पक्का घाट, सुरहुरपुर स्थित मंजूषा घाट, पारा घाट, मालीपुर थाना के नेमपुर घाट, वंदीपुर स्थिति जगरदेवा घाट पर देर रात तक विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। कस्बा स्थित विश्वकर्मा मंदिर,गंजा, वाजिदपूर, नीमतल, ग्रामीण क्षेत्रों पर सजी दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन शनिवार को किया गया। विसर्जन जुलूस में गाजे बाजे के साथ एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाते हुए लोग चल रहे थे। भक्ति गीतों पर भक्त डांस करते हुए नजर आए। रपटा पुल, बड़े पुल समेत अन्य घाटों पर बने विसर्जन स्थल पर पहुंचकर माँ दुर्गा को नम आखों से विदाई दी। इस अवसर पर जलालपुर एसडीएम पवन जायसवाल, सीओ अजेय कुमार शर्मा, तहसीलदार घूम घूम कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। ईओ अजय कुमार सिंह वरिष्ठ लिपिक राम प्रकाश पाण्डेय अपनी टीम के साथ डटे रहे। देर रात्रि तक मूर्ति विसर्जन का सिलसिला जारी रहा। जलालपुर में कोतवाल संतोष सिंह, मालीपुर में थानाध्यक्ष प्रभाकांत तिवारी, कटका में अजय प्रताप यादव, जैतपुर में बंदना अग्रहरी पुलिस फोर्स के साथ गतिशील रही। पहले दिन बगैर किसी व्यवधान के विसर्जन संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। 80 फीसद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया शेष 20 फीसद प्रतिमाओं का विसर्जन आगामी सोमवार को किए जायेगा।









