बॉलीवुड स्टार सलमान खान ने सोशल मीडिया पर बताया कि ‘बिग बॉस 20’ का भ्रामक प्रोमो आने के बाद भी उनकी सेहत में कोई दिक्कत नहीं है। रियलिटी शो के इस प्रोमो में एक्टर को स्टेज पर अचानक तबीयत खराब होते हुए दिखाया गया था, जिससे उनके फैंस परेशान हो गए थे। शो के 17 सीज़न होस्ट कर चुके एक्टर ने कहा कि मेकर्स ने प्रोमो को इस तरह से एडिट किया था, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया।
उन्होंने शनिवार को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया और शो के मेकर्स की तरफ से माफ़ी मांगी। उन्होंने लिखा, “मेरी सेहत बिल्कुल ठीक है। ‘बिग बॉस’ का प्रोमो जिस तरह से एडिट किया गया था, वैसा नहीं होना चाहिए था।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रोमो को जिस तरह से एडिट किया गया, उसके लिए मैं माफ़ी चाहता हूं। लगता है कि शो को प्रमोट करने के लिए वे इसी तरह का फ़ॉर्मेट इस्तेमाल करते हैं, मैं उनकी तरफ से माफ़ी मांगता हूं।”
एक्टर ने प्रोमो में बदलाव के लिए शो के मेकर्स का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा, “‘बिग बॉस’ ने इसे ठीक कर दिया है। धन्यवाद ‘बिग बॉस’।” खान अब ‘मातृभूमि’ में नज़र आएंगे। इस फ़िल्म को अपूर्व लाखिया डायरेक्ट कर रहे हैं और इसमें एक्टर के साथ चित्रांगदा सिंह भी हैं। यह फ़िल्म 2020 की गलवान घाटी की घटना पर आधारित है।


