IMD Weather Update: देशभर में मई 2025 में मौसम का मिलाजुला असर दिखाई दे रहा है। जहां देश के उत्तरी, पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) का कहर जारी है। इस दौरान पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में 11 से 15 मई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन मौसमी बदलावों को लेकर कई राज्यों में अलर्ट जारी किए हैं। IMD के अनुसार, आने वाले पांच दिनों के अंदर तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
देश में भीषण गर्मी का सितम
IMD के अनुसार, पूर्वी भारत में 10 मई से लू का एक नया दौर शुरू हुआ, जो 14 मई तक अलग-अलग क्षेत्रों में प्रभावी रहेगा। पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 10 से 15 मई तक गर्मी और आर्द्र मौसम की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, और गुजरात में भी लू चलने की आशंका है। इस दौरान तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
ऐसे में इन इलाकों में लू चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। IMD ने बताया कि आने वाले पांच दिनों में मैदानी इलाकों में गर्म हवाएं चल सकती है। जिससे लोगों का हाल बेहाल हो सकता हो सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी
इसके साथ ही IMD ने पूर्वोत्तर भारत में 11 से 15 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, और त्रिपुरा के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं।
इसके अलावा 11 और 12 मई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इस दौरान बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी इसी दौरान आंधी और बूंदाबांदी हो सकती है।
हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का सिलसिला
वहीं, अब अगर पहाड़ी इलाकों की बात करें तो हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में मई महीने में भी ठंड का दौर जारी है। बीते दिनों और शिमला-कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल जैसे क्षेत्रों में बारिश हुई। ये सिलसिला 16 मई तक जारी रहने का पूर्वानुमान है।









