मौसम विभाग के अनुसार, ‘अरनाब’ तूफान और पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) का असर रविवार से कम होने लगेगा। विंध्य क्षेत्र को छोड़कर, राज्य के बाकी हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर थमने की संभावना है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से अगले तीन दिनों के दौरान दिन के तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने का अनुमान है। बारिश रुकने के बाद, राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्का मध्यम कोहरा छा सकता है।
बारिश के कारण, शनिवार को गोरखपुर में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम था। वहीं, मुजफ्फरनगर में सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार की बारिश के आंकड़ों के अनुसार, गोरखपुर में 63.8 मिमी, सिद्धार्थनगर में 62.2 मिमी, बस्ती में 57.2 मिमी, महाराजगंज में 56.6 मिमी और मथुरा में 31 मिमी बारिश दर्ज की गई।


