HomeCRIMELucknow Double Murder में बड़ा खुलासा, टमाटर खराब होने पर भी पत्नी...

Lucknow Double Murder में बड़ा खुलासा, टमाटर खराब होने पर भी पत्नी को पीटता था मनस

Lucknow Double Murder: लखनऊ में ICICI बैंक के बाहर पत्नी की हत्या और उसके बाद बहन व खुद को गोली मारने के मामले में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। मृतका दिव्या मिश्रा की बहन और चर्चित हिंदी YouTuber प्रज्ञा मिश्रा ने आरोपी मनस वाजपेयी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रज्ञा का दावा है कि मनस लंबे समय से दिव्या के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करता था। इसी वजह से दिव्या उससे अलग होना चाहती थी। प्रज्ञा ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि मनस छोटी-छोटी बातों पर दिव्या को पीटता था। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर Blinkit से मंगाया गया टमाटर खराब निकल जाता था, तो भी मनस दिव्या के साथ मारपीट करता था। प्रज्ञा ने आरोपी को ‘साइको’ बताते हुए कहा कि दिव्या ने कई बार अपनी परेशानी उनके साथ साझा की थी।

12 साल पहले हुई थी शादी

प्रज्ञा के मुताबिक, दिव्या और मनस की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी, लेकिन दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे थे। दिव्या ने पिछले साल तलाक के लिए भी आवेदन किया था। आरोप है कि मनस दिव्या पर किसी और के साथ संबंध होने का शक करता था। प्रज्ञा ने बताया कि शादी की पहली रात ही मनस ने घर के खर्चों की एक सूची बनाकर दिव्या से उसमें हिस्सा देने को कहा था। दिव्या ने इसे स्वीकार कर लिया था। हालांकि, पिछले एक साल से दिव्या ने घर के खर्च में अपना हिस्सा देना बंद कर दिया था। प्रज्ञा का आरोप है कि मनस इसे भी दिव्या की ‘बेवफाई’ मानता था।

दिव्या बचाना चाहती थी रिश्ता 

प्रज्ञा ने कहा कि इतनी परेशानियों के बावजूद दिव्या रिश्ते को बचाना चाहती थी। वह तीज का व्रत रखने वाली थी और उसने अपने हाथ पर मनस के नाम का टैटू भी बनवा रखा था। परिवार के मुताबिक, दिव्या को उम्मीद थी कि एक दिन मनस बदल जाएगा। गुरुवार को मनस दिव्या के कार्यस्थल पर पहुंचा। उसने दिव्या को ICICI बैंक के बाहर बुलाया और कुछ देर बातचीत करने के बाद उसे गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दिव्या को मृत घोषित कर दिया।

28 वर्षीय बहन को मारी गोली

इसके बाद मनस घर पहुंचा और अपनी 28 वर्षीय बहन शिवा वाजपेयी की भी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके कुछ ही मिनट बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। घटना से पहले मनस ने WhatsApp पर एक स्टेटस भी लगाया था, जिसमें उसने पत्नी की हत्या करने की बात लिखी थी। पड़ोसियों के अनुसार, वह करीब साढ़े 12 बजे घर पहुंचा था और काफी घबराया हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रज्ञा ने उठाया सवाल

दिव्या की बहन प्रज्ञा ने यह भी सवाल उठाया है कि मनस के पास तीन रिवॉल्वर कैसे पहुंचीं। उन्होंने पुलिस से हथियारों के स्रोत और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका की जांच करने की मांग की है। प्रज्ञा का दावा है कि मनस दिव्या का पीछा भी करता था और लगातार तनाव के कारण कुछ दिन पहले दिव्या का एक्सीडेंट भी हुआ था, जिसमें उसके हाथ-पैर में चोट लगी थी।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read