HomeUTTAR PRADESHदंगे-कर्फ्यू अतीत, अब नवरात्रि-रमजान एक साथ...9 साल पूरे होने पर CM योगी...

दंगे-कर्फ्यू अतीत, अब नवरात्रि-रमजान एक साथ…9 साल पूरे होने पर CM योगी ने बताया कैसे बदला UP का माहौल


UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोक भवन सभागार में ‘नवनिर्माण के 9वर्ष’ पुस्तक का विमोचन करते हुए अपनी सरकार के नौ सालों की उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा पेश किया। इस मौके पर उन्होंने जोर देकर कहा कि अब यूपी में नवरात्रि और रमजान जैसे पर्व एक साथ पूरी शांति से मनाए जा रहे हैं। कोई तनाव, हलचल या अराजकता नहीं है। CM योगी ने कहा ‘पहले जहां दंगे और कर्फ्यू की छाया रहती थी, वहां आज सब चंगा है। उपद्रव से उत्सव की ओर बढ़ा प्रदेश अब विकास और विश्वास का प्रतीक बन चुका है।


पुस्तक विमोचन के दौरान CM योगी ने क्या कहा?


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुस्तक विमोचन के दौरान बताया कि 2017से 2026तक की यह यात्रा अपराध और अराजकता से अनुशासन, कर्फ्यू से कानून के राज, अशांति से उत्सव और अविश्वास से विश्वास की ओर गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय एक जिले-एक माफिया का मॉडल चला, त्योहार भय के केंद्र बन गए थे और पुलिस का मनोबल टूटा हुआ था। लेकिन अब जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत संगठित अपराध समाप्त हो चुका है। महिलाएं, व्यापारी और आम नागरिक बिना भय के जीवन जी रहे हैं।


CM योगी ने कानून-व्यवस्था को विकास का आधार बताते हुए कहा ‘आज न तो दंगे होते हैं, न कर्फ्यू लगता है। पूरा प्रदेश उत्सवों का प्रदेश बन गया है।’ उन्होंने आगामी त्योहारों का जिक्र करते हुए बताया कि कल से चैत्र नवरात्रि शुरू हो रही है और रमजान का महीना भी चल रहा है। इसके बावजूद कहीं कोई हलचल नहीं है। जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देशों से शांति व्यवस्था बनी हुई है। ईद और रामनवमी जैसे पर्व भी इसी शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाएंगे।


बीमारू’ की छवि से मुक्त हुआ प्रदेश


पुस्तक में दर्ज प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश अब ‘बीमारू’ की छवि से मुक्त होकर देश की टॉप-3अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। प्रति व्यक्ति आय दोगुनी हो चुकी है, छह करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। आयुष्मान भारत योजना से स्वास्थ्य बीमा, मुफ्त राशन और बुजुर्गों-विकलांगों को सालाना 12हजार रुपये पेंशन जैसी योजनाओं से अंतिम पंक्ति तक विकास पहुंचा है।


उत्तर प्रदेश का इंफ्रास्ट्रक्चर


इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे समेत देश के 55प्रतिशत एक्सप्रेसवे यूपी में बने हैं। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन जल्द होने जा रहा है। अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और मथुरा-कृष्ण जन्मभूमि जैसे धार्मिक स्थलों का विकास पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊंचाई पर ले गया। महाकुंभ में 66करोड़ श्रद्धालुओं की भागीदारी और माघ मेले में 21करोड़ से ज्यादा स्नान इसी विश्वास का प्रमाण हैं।


मुख्यमंत्री ने किसानों के कल्याण, युवाओं के लिए रिकॉर्ड भर्तियां, महिलाओं के सशक्तिकरण और निवेश के नए रिकॉर्ड पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यूपी अब आत्मनिर्भर और विकसित भारत का आधार स्तंभ बन रहा है। लक्ष्य 2047 तक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी हासिल करना है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read