HomeUTTAR PRADESHईरान पर हमले और खामेनेई की मौत पर ओवैसी ने दिया बयान,...

ईरान पर हमले और खामेनेई की मौत पर ओवैसी ने दिया बयान, कहा- जंग तुरंत रुके


US-Israel-Iran Tensions: अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। Asaduddin Owaisi ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में किया गया यह हमला बेहद निंदनीय है। ओवैसी ने कहा कि जब पूरी दुनिया के मुसलमान रमजान में रोजा और इबादत कर रहे हैं, ऐसे समय में हमला करना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय जिनेवा में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत चल रही थी और हालात को बातचीत से सुधारा जा सकता था।


कई लोगों की गई जान


हमले में 200 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़कियों के एक स्कूल पर हमले में 100 से अधिक बच्चियों की भी जान गई। इस हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की भी मौत हो गई। ओवैसी ने इसे अनैतिक और अवैध करार दिया। उन्होंने कहा कि खामेनेई को शिया समुदाय ही नहीं, बल्कि पूरी उम्मत अपना नेता मानती थी।


जंग तुरंत खत्म होनी चाहिए


ओवैसी ने कहा कि यह जंग तुरंत खत्म होनी चाहिए। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि वह इस मामले में अपनी भूमिका निभाए, क्योंकि करीब एक करोड़ भारतीय नागरिक खाड़ी देशों में काम करते हैं। अगर युद्ध बढ़ा तो भारतीयों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान की ओर से कई खाड़ी देशों पर हमले किए जा रहे हैं। ओमान के एक बंदरगाह पर एक भारतीय कामगार के घायल होने की भी खबर है। ओवैसी ने चेतावनी दी कि अगर यह युद्ध नहीं रुका तो पूरे क्षेत्र में फैल सकता है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।


ट्रंप ने दी खामेनेई की मौत की जानकारी


बता दें कि साल 1989 से ईरान के सर्वोच्च नेता रहे खामेनेई की मौत की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी थी। इसके कुछ समय बाद ईरान के सरकारी टीवी ने भी इसकी पुष्टि की। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत समेत कई देशों की नजर हालात पर बनी हुई है। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read