HomeUTTAR PRADESHSIR मुद्दे पर ममता बनर्जी का तीखा हमला, CEC से मीटिंग के...

SIR मुद्दे पर ममता बनर्जी का तीखा हमला, CEC से मीटिंग के बाद बोलीं


Mamata Banerjee Attacks EC: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से मुलाकात के बाद चुनाव आयोग (ECI) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) का आईटी सेल बन चुका है और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के जरिए बंगाल के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आयोग ने 58लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम हटाए हैं, बिना उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिए। बता दें, यह बयान ऐसे समय आया है जब तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने SIR को पक्षपातपूर्ण बताते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की है।


CEC से मुलाकात


मालूम हो कि TMC की 15सदस्यीय टीम, जिसमें ममता बनर्जी और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी शामिल थे, ने आज CEC से मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने SIR प्रक्रिया को ‘पक्षपातपूर्ण, मनमाना और राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताते हुए अपनी शिकायतें रखीं। पार्टी ने दावा किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है और बुजुर्गों समेत कई वोटरों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है।


इससे पहले 01फरवरी को ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में व्यक्तिगत याचिका दायर की थी, जिसमें ECI और बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय पर सवाल उठाए गए थे। याचिका में कहा गया है कि SIR के दौरान सबूत जमा करने की रसीद नहीं दी जा रही, जिससे मतदाताओं को आंतरिक रिकॉर्ड की कमियों का शिकार बनना पड़ रहा है। ममता बनर्जी का कहना है कि चुनाव आयोग बीजेपी आईटी सेल के साथ मिलकर लोगों को परेशान कर रहा है और SIR सुनवाई के नाम पर बुजुर्गों को बुलाया जा रहा है।


ममता बनर्जी ने क्या कहा?


ममता बनर्जी ने दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर से बाहर निकलते हुए मीडिया से बातचीत में अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा ‘मैं बहुत दुखी हूं। मैं दिल्ली की राजनीति में लंबे समय से हूं, चार बार मंत्री और सात बार सांसद रही हूं। मैंने कभी इतना अहंकारी और झूठा चुनाव आयुक्त नहीं देखा। मैंने उनसे कहा कि मैं आपके पद का सम्मान करती हूं, क्योंकि कोई पद स्थायी नहीं होता। एक दिन आपको जाना पड़ेगा… बंगाल को क्यों निशाना बनाया जा रहा है? चुनाव लोकतंत्र का त्योहार है, लेकिन आपने 58लाख लोगों के नाम हटा दिए और उन्हें बचाव का मौका भी नहीं दिया।’ उन्होंने आरोप लगाया कि ECI बीजेपी के इशारे पर काम कर रहा है और SIR में अनियमितताएं बरती जा रही हैं।


TMC का कहना है कि SIR प्रक्रिया बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले मतदाता सूची को प्रभावित करने की साजिश है। पार्टी ने पहले भी ECI को कई पत्र लिखे और अभिषेक बनर्जी ने खुद CEC से मुलाकात की थी। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि SIR फर्जी वोटरों को हटाने के लिए जरूरी है और ममता बनर्जी अवैध घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read