लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मध्य कमान स्थित सूर्या खेल परिसर में सशस्त्र सैन्य समारोह का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने भारतीय सेना की जमकर प्रशंसा की. कहा कि इस भव्य समारोह में सशक्त आत्मनिर्भर हो रहे सुरक्षाबलों के प्रदर्शन को देखकर प्रसन्नता हुई. रक्षामंत्री का, लेफ्टिनेंट जनरल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं. राजधानी में इस समारोह को आयोजित करने के लिए धन्यवाद.
सीएम ने कहा कि हम जानते है कि भारतीय सेना दुनिया की अद्वितीय सेना है, जिसने सदैव अपनी ताकत अनुशासन, तकनीकी क्षमता का लोहा दुश्मनों को मनवाया है, जबकि देश के अंदर भी सम व विषम परिस्थितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन व सहयोग हमेशा दिया है. इस समारोह में थल, जल, नभ तीनों सेनाओं के एकीकृत समन्वय से कैसे दुश्मन को परास्त कर विजय प्राप्त कर सकते हैं, इसकी झांकी देखने को मिली. हमने सुदृढ़ हो रही रक्षा शक्ति के प्रदर्शन को देखा. सेना के श्वान दस्ते घुड़सवार दल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखा. यह हमारी सेना को एक पेशेवर दक्षता का प्रतीक बनाती है.
यह समारोह तीनो सेनाओं के बेहतरीन समन्वय का उत्कृष्ट पर्दशन है. यह राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे के प्रति 140 करोड़ देशवासियों को आश्वस्त करती है कि आज हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित हैं. हम हर चुनौती का सामना कर सकते हैं. हमारी सेना एक सुरक्षा ढांचा ही नहीं, देश की नींव भी है. हमारे जवान देश की सुरक्षा के प्रति तत्पर रहते हैं. वे हमारे असली राष्ट्रनायक हैं. आज भारत विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत व बड़े से बड़े षड्यंत्र को नेस्तनाबूद करने में सक्षम है. उन्होंने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि देश की आबादी का सबसे बड़ा राज्य उत्तरप्रदेश जिसमें देश की 25%आबादी निवास करती है. यह वीरों की धरती है. हमारे नौजवानों ने देश-प्रदेश का अनेक अवसरों पर गौरव बढ़ाया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले नौजवानों के परिजनों को ₹50 लाख, आश्रित को सरकारी नौकरी में समायोजन दिया जाता है. इसके अलावा शहीद के स्मारक भी स्थापित किए जाते हैं. हमारे देश मे रक्षा के प्रति आत्मनिर्भर बढ़ी है. उत्तरप्रदेश में डिफेंस नोड स्थापित हो रहा है. डिफेंस कॉरिडोर में लखनऊ में ब्रह्मोस का निर्माण, झांसी नोड में भारत डायनमिक्स यूनिट को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है. राष्ट्र रक्षा कार्य मे उत्तरप्रदेश सदैव अग्रणी भूमिका निभाने को तत्पर है.
डिफेंस कॉरिडोर में ये आयोजन बहुत महत्वपूर्ण साबित हो रहा है. यह आयोजन सशस्त्र सैन्य समारोह हमारे समाज और हमारी नई पीढ़ी को प्रेरणा देगा.
सीएम ने इस कार्यक्रम के लिए भारतीय सेना को बधाई दी है. कहा कि भारत की सेना दुनिया के लिए एक अद्वितीय सेना है. भारत के बहादुर सैनिकों की सजगता का ही परिणाम है कि आज विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भारत पूरी मजबूती के साथ अपने सीमाओं की सुरक्षा करने और बड़े से बड़े षड्यंत्र को विफल करने में सक्षम है.









