HomeUTTAR PRADESHDGCA की सख्ती के बाद IndiGo ने कम की फ्लाइट्स, घरेलू उड़ानों...

DGCA की सख्ती के बाद IndiGo ने कम की फ्लाइट्स, घरेलू उड़ानों में हुई कटौती


IndiGo Flight Cuts: नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) के सख्त निर्देशों के बाद देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने अपनी घरेलू उड़ानों में कटौती की है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, इंडिगो ने अपने दैनिक घरेलू शेड्यूल में करीब 10 प्रतिशत की कमी करते हुए 94 अलग-अलग रूट्स पर लगभग 130 उड़ानों को रोक दिया है। हालांकि, एयरलाइन ने दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-बेंगलुरु और मुंबई-बेंगलुरु जैसे सबसे व्यस्त और कमाई वाले रूट्स को पूरी तरह सुरक्षित रखा है।


कितनी रह गई उड़ानों की संख्या?


इंडिगो अब हर रोज प्रतिदिन लगभग 2,200 उड़ानों के स्तर पर खुद को स्थिर करने की कोशिश कर रहा है। इससे पहले ये संख्या 2,300 से ज्यादा थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह नया ऑपरेशनल ढांचा मार्च, 2026 तक जारी रह सकता है। दिसंबर की शुरुआत में इंडिगो ने 29 दिसंबर, 2025 के लिए 2,008 घरेलू उड़ानों की योजना बनाई थी, लेकिन संशोधित शेड्यूल में ये संख्या कम होकर 1,878 रह गई। यानी करीब 6.5 फीसदी की वास्तविक कमी दर्ज की गई है। इंडिगो ने यह कटौती दिसंबर की शुरुआत में हुए बड़े ऑपरेशनल व्यवधान के बाद की गई है, जब कुछ ही दिनों में हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं।


इन रूटों पर पड़ा असर


सबसे बड़ी राहत की बात ये है कि इंडिगो के सबसे बड़े बेस दिल्ली से एक भी उड़ान कम नहीं की गई है। मुंबई से भी केवल दो उड़ानों में कटौती हुई है। दिल्ली-मुंबई रूट पर अब भी 20-20 उड़ानें रोजाना संचालित हो रही हैं। इस कटौती का सबसे ज्यादा असर कम दूरी वाले यानी शॉर्ट-हॉल रूट्स पर पड़ा है, खासकर एक ही राज्य या पड़ोसी राज्यों के बीच चलने वाली उड़ानों पर।


इन शहरों की उड़ानें हुई बंद


शहरों की बात करें तो बेंगलुरु में सबसे ज्यादा 52 उड़ानें कम की गई हैं। इसके बाद हैदराबाद से 34, चेन्नई से 32, कोलकाता और अहमदाबाद से 22-22 उड़ानें हटाई गई हैं। कुछ रूट्स जैसे चेन्नई-मदुरै पर उड़ानों की संख्या 8 से कम हो कर 3 रह गई है। वहीं, गोवा-सूरत और चेन्नई-दुर्गापुर जैसे रूट्स पर इंडिगो की सेवाएं फिलहाल पूरी तरह बंद हो गई हैं। हालांकि, DGCA का आदेश केवल घरेलू उड़ानों पर लागू है। इंडिगो का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, जहां रोजाना 300 से ज्यादा उड़ानें संचालित होती हैं, इस कटौती से पूरी तरह प्रभावित नहीं हुआ है और विदेशों के लिए उड़ानें पहले की तरह जारी हैं। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read