HomeUTTAR PRADESHपुलिस भर्ती में 60 हजार से अधिक नौजवानों को मिलेगा अवसर, 20...

पुलिस भर्ती में 60 हजार से अधिक नौजवानों को मिलेगा अवसर, 20 प्रतिशत बेटियों की होगी नियुक्तिः CM योगी

अंबेडकर नगर: उत्तर प्रदेश में अगस्त महीने की 5 तारीखें बेहद महत्वपूर्ण होने जा रही हैं। प्रदेश में 23, 24, 25 व 30 तथा 31 अगस्त को पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा और ऐसा पहली बार हो रहा है जब प्रदेश में इतने बड़े स्तर पर पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित हो रही है। प्रदेश के हर जिले के युवा को इस पूर्ण पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने शनिवार को अंबेडकर नगर कटेहरी स्थित स्थित देव इंद्रावती महाविद्यालय में आयोजित जनपद स्तरीय वृहद रोजगार एवं ऋण मेले में ये बातें कहीं। इस अवसर पर उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश में होने वाली पुलिस भर्ती में 20 प्रतिशत बेटियों को भी नियुक्ति दी जाएगी। वे प्रदेश की सड़कों पर उतरकर शोहदों का सही इलाज करेंगी।

अपराधियों, माफिया और अराजक तत्वों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वो समय गया, जब प्रदेश में चाचा-भतीजा की गैंग वसूली करने निकलती थी। अब तो जो भी ऐसा करेगा उनकी संपत्ति जब्त कराकर जरूरतमंद में बंटवा दी जाएगी। प्रदेश में किसी बेईमान को, अपराधी को और अराजकता को बढ़ावा देने वाले तत्वों को छूट नहीं दी जाएगी। कार्यक्रम में कुल 2,500 युवाओं को प्रशस्ति पत्र, 5,100 छात्र-छात्राओं को टैबलेट व कुल 211 करोड़ रुपए के ऋण का वितरण किया गया।

युवाओं को जनपद में ही रोजगार के अवसर मिल रहे

सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि श्रावण मास में मुझे श्रवण की इस पावन स्थली पर युवाओं के साथ संवाद का अवसर प्राप्त हुआ है। इस पावन धरा को नमन करते हुए यहां के अन्नदाता किसानों समेत सभी नागरिकों का अभिवादन करता हूं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में 46 कंपनियों द्वारा लगाए गए स्टॉल को देखा, महिला स्वयंसेवियों की कार्यप्रणाली को देखा और उद्यमियों के प्रयास देखे। ये देखकर संतोष हो रहा है कि कभी अपराधिक व अराजक तत्वों समेत माफिया के लिए कुख्यात अंबेडकरनगर आज अपनी छवि बदल चुका है। यहां नए उद्योग आ रहे हैं, युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। आज हमारा अंबेडकरनगर किसी मायने में कम नहीं है। अंबेडकर नगर अयोध्या धाम की परिवर्तन यात्रा का न केवल साक्षी है बल्कि लाभ भी पा रहा है। अंबेडकर नगर से पूर्वांचल व गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे भी यहां से होकर गुजर रहे हैं। यहां हम औद्योगिक गलियारा भी बना रहे हैं और दोनों एक्सप्रेसवेज के किनारे औद्योगिक टाउनशिप भी बनाएंगे। इससे यहां के युवाओं को उनके जनपद में ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

46 कंपनियां बनेंगी 21 हजार युवाओं के रोजगार अवसरों के सृजन का माध्यम

सीएम योगी (CM Yogi) ने कार्यक्रम में कहा कि फरवरी 2023 में आयोजित सबसे बड़े इन्वेस्टर समिट में 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए जो कि प्रदेश के 1.35 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर की गारंटी है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर नगर में भी इन्वेस्टर समिट के माध्यम से 6000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जो धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यक्रम में 46 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं जो कि जनपद के 21 हजार युवाओं को रोजगार देंगी और उनके प्लेसमेंट के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यहां सभी बैंक यहां आए हैं जिनके जरिए स्वरोजगार की आकांक्षा रखने वाले लोगों को मध्यम, सूक्ष्म व लघु उद्योगों की स्थापना के लिए ओडीओपी, पीएम विश्वकर्मा समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के ब्याजमुक्त ऋण का अवसर उपलब्ध कराएगा। इससे रोजगार सृजन के अवसर बढ़ेंगे।

यूपी डार्क स्पॉट से बना ब्राइट स्पॉट

उत्तर प्रदेश को आशा की नजर से देख रही देश और दुनिया

सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि य़ुवाओं की आकांक्षा, उनके सपनो को पंख लगाने के लिए प्रधानमंत्री ने मिशन रोजगार को आगे बढ़ाया है। यह हमारी सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति है कि 1.56 करोड़ परिवारों को निशुल्क बिजली के कनेक्शन, 5.11 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा, 15 करोड़ को फ्री में राशन जैसी सुविधाएं हम उपलब्ध करा रहे हैं। उत्तर प्रदेश को देश अब आशा भरी निगाहों से देख रहा है। हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।

सरकार हमेशा सुरक्षा, स्वावलंबन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। अंबेडकर नगर विकास की दिशा में पिछड़ नहीं पाएगा। जब पिछली बार यहां आया था तो कटेहरी के लिए स्टेडियम स्वीकृत कर दिया था। अब जमीन भी स्वीकृत हो गई है। युवा खेलेगा तो जीतेगा और जीतेगा तो देश का सम्मान बढ़ाएगा। हमारी सरकार ने मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों का उचित सम्मान किया है। हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय और एथलीट पारुल चौधरी को डिप्टी एसपी बनाया है।

रक्षाबंधन व श्रीकृष्ण जनमाष्टमी की दीं अग्रिम शुभकामनाएं

सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि रक्षाबंधन की सभी जनपदवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देता हूं। इस अवसर पर सभी बहन-बेटियों को परिवहन निगम की बसों में फ्री यात्रा की सुविधा प्राप्त होगी। वहीं, 26 व 27 को ‘परित्राणाय साधूनाम् विनाशाय च दुष्कृताम्’ का उद्घोष करने वाले लीलाधारी श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी का भी अवसर है। सीएम योगी ने कहा कि आपका जनपद तो अब अपराध मुक्त हो चुका है, लेकिन अगर कोई अपराधी बचा रह गया है तो उसका भी हम इलाज करेंगे। चिंता की कोई आवश्यता नहीं, सरकार आपके साथ है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, व्यवसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल व खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव समेत अन्य गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read