HomeUTTAR PRADESHदिल्ली में त्रिदेव सम्मेलन में शामिल हुईं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रत्याशी को...

दिल्ली में त्रिदेव सम्मेलन में शामिल हुईं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रत्याशी को जिताने की अपील


दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता आज नजफगढ़ क्षेत्र के दिचाऊं कलां में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में शामिल हुईं। सम्मेलन में भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने त्रिदेवों, पेज प्रमुख, बूथ प्रमुख और शक्ति केंद्र संयोजकों को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि इन्हीं कार्यकर्ताओं की वर्षों की निष्ठा और मेहनत ने नजफगढ़–किराड़ी क्षेत्र में विकास की गति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।


इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत, विधायक श्री अभय वर्मा और दिचाऊं कलां वार्ड- 128 से भाजपा प्रत्याशी श्रीमती रेखा रानी सहित बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने अपनी सांसद और विधायक को भारी बहुमत से जीत दिलाई है। अब समय है कि उससे भी ज्यादा मजबूती से अपनी वार्ड प्रत्याशी को जिताकर यह संदेश दें कि नजफगढ़ विकास की राह पर एकजुट है।


विकास को दी जा रही प्राथमिकता- सीएम रेखा

सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार ने गांवों और कॉलोनियों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी माननीय सांसद और विधायकों को पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया है, जिसके परिणामस्वरूप नालों, सड़कों, सीवर और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण परियोजनाओं में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि किराड़ी-नजफगढ़ क्षेत्र में 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत की प्रमुख परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जो लंबे समय से लंबित समस्याओं को दूर करने में निर्णायक भूमिका निभाएंगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों को वर्षों तक उपेक्षा का सामना करना पड़ा। जहां कुछ क्षेत्रों में जलभराव और टूटी सड़कों की समस्या भयावह स्तर पर थी, वहीं कई इलाकों में सीवर लाइन, पाइपलाइन और नाले तक उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने गांव-देहात की समस्याओं को समझने और समाधान देने में कोई रुचि नहीं दिखाई। मुख्यमंत्री के अनुसार हमारी सरकार ने पहली बार गांव-देहात की वास्तविक समस्याओं को समझकर व्यापक स्तर पर काम शुरू किया है।


करोड़ रुपये की परियोजनाएं


यहां 200-250 करोड़ रुपये तक की परियोजनाएं सिर्फ इसलिए लाई गई हैं कि क्षेत्र की एक-एक समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार क्षेत्र के संपूर्ण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी काम के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने बिना किसी व्यक्तिगत लाभ की इच्छा के, केवल सेवा भाव से काम किया है और आगे भी यही भावना विकास को गति देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और केंद्र सरकार की ओर से भी दिल्ली के विकास कार्यों के लिए पूरा सहयोग लगातार मिल रहा है। केंद्र और राज्य के इस समन्वित प्रयास से दिल्ली में विकास की गति अभूतपूर्व रूप से तेज हुई है और आने वाले वर्षों में इसकी झलक हर कॉलोनी, हर गांव और हर घर तक महसूस की जा सकेगी। 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read