HomeUTTAR PRADESHदिल्ली में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा कदम, शहरी विकास मंत्री...

दिल्ली में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा कदम, शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने ने विष्णु गार्डन क्षेत्र का किया निरीक्षण


नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। शनिवार को शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने राजौरी गार्डन के वार्ड 95 (विष्णु गार्डन) क्षेत्र में साफ-सफाई और कूड़ा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मंत्री ने बी-ब्लॉक, बारात घर, जे-6स्टोर के सामने, ए-ब्लॉक, पोस्ट ऑफिस और एसबीआई बैंक के पास के इलाकों का दौरा कर स्थानीय निवासियों से समस्याओं की जानकारी ली।


मंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी में कचरा प्रबंधन में सुधार लाने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। इसी दिशा में सरकार ने नगर निगम को 175करोड़ रुपये की विशेष वित्तीय सहायता जारी की है, ताकि ठेकेदारों के बकाया भुगतान समय पर हो सके और सफाई कार्य बाधित न हो। उन्होंने कहा कि कैबिनेट स्तर पर और भी प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं, जिससे सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।


सूत्रों के अनुसार, सरकार का मानना है कि पिछले ढाई वर्षों में नगर निगम में कुप्रबंधन और गलत ठेकों के कारण व्यवस्था चरमरा गई थी, जिसका असर सीधे तौर पर शहर की सफाई पर पड़ा। सरकार अब इस अव्यवस्था को दूर करने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि बजट, अनुमान और टेंडर प्रक्रिया में समय लगता है, लेकिन सरकार पूरी जिम्मेदारी के साथ इस संकट से निपट रही है।


स्थानीय लोगों ने बताई परेशानी, कई दिनों तक नहीं उठता कूड़ा


निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि वार्ड 95के कई हिस्सों में कई-कई दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता। कुछ जगह सफाई कर्मचारी आते भी हैं तो आधा-अधूरा काम कर चले जाते हैं, जिसकी वजह से इलाके में गंदगी और दुर्गंध फैल जाती है। लोगों ने कहा कि इससे उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।


निरीक्षण के दौरान मंत्री ने MCD अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों और कूड़ा उठाने वाली एजेंसियों को सख्त चेतावनी दी कि कचरा प्रबंधन पूरी मुस्तैदी और समयबद्ध ढंग से किया जाए। जिन हॉटस्पॉट्स पर नियमित रूप से कचरा जमा होता है, वहां विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


मंत्री ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में कूड़े से संबंधित समस्याओं की तस्वीरें सीधे उनके मोबाइल पर भेजकर वस्तुस्थिति से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार एक स्वच्छ और सुव्यवस्थित राजधानी देने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों की भागीदारी से सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और प्रदूषण नियंत्रण की मुहिम को भी बढ़ावा मिलेगा।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read