HomeUTTAR PRADESHदिल्ली सरकार का बड़ा कदम, गरीबों और आमजन के लिए शुरू होगी...

दिल्ली सरकार का बड़ा कदम, गरीबों और आमजन के लिए शुरू होगी ‘अटल कैंटीन’ योजना


Delhi News:गरीबों, श्रमिकों और आम नागरिकों के जीवन में राहत लाने के उद्देश्य से दिल्ली की रेखा सरकार एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल शुरू करने जा रही है। राजधानी में जल्द ही ‘अटल कैंटीन योजना’ लागू की जाएगी, जिसके अंतर्गत नागरिकों को मात्र 5 रुपये में स्वच्छ, गरम और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह योजना न केवल आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए राहत का माध्यम बनेगी, बल्कि सामाजिक समानता और गरिमा के सिद्धांत को भी सशक्त करेगी।


इस आशय की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि शुरुआती दौर में राजधानी के 100 स्थानों पर अटल कैंटीन खोली जाएंगी। इसके लिए स्थानों का चयन कर लिया गया है। इन कैंटीन का उद्धाटन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि चुने गए केंद्रों के संचालन की ज़िम्मेदारी चयनित संस्थाओं को सौंपी जा रही है। इसके लिए एक अंतर-विभागीय समिति द्वारा स्थान चयन, मेन्यू, वितरण प्रणाली और प्रबंधन ढांचे आदि की अनुशंसाओं को लागू किया गया है।  मैन्यू में दाल- चावल, सब्जी  व रोटी का प्रावधान किया गया है। हर स्थल पर सुबह-शाम 500- 500 थाली परोसी जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार भोजन की क्वॉलिटी कायम रखने के लिए सरकार सब्सिडी अदा कर रही है।


जल व्यवस्था और ठंडा भंडारण की सुविधा अनिवार्य की गई है- सीएम रेखा गुप्ता


मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि भोजन वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया को डिजिटल टोकन प्रणाली से संचालित किया जाएगा, ताकि किसी भी स्तर पर अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके। मैनुअल कूपन की अनुमति नहीं होगी। सभी वितरण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनसे ड्यूसिब के डिजिटल प्लेटफार्म से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। रसोई में सभी आधुनिक उपकरण, एलपीजी आधारित कुकिंग सिस्टम, इंडस्ट्रियल आरओ जल व्यवस्था और ठंडा भंडारण की सुविधा अनिवार्य की गई है। भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए FSSAI व NABL मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं द्वारा भोजन और कच्चे माल के नमूने जांच के लिए लिए जाएंगे। एजेंसी को भोजन वितरण का मासिक लेखा-जोखा, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र तथा खाद्य सुरक्षा लाइसेंस (FSSAI) नियमित रूप से जमा करना होगा।


सामाजिक समानता की दिशा में एक ठोस प्रयास है– रेखा गुप्ता


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह योजना दिल्ली के हर गरीब और श्रमिक को गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि अटल कैंटीन दिल्ली की आत्मा बनेगी, जहां किसी नागरिक को भूखा नहीं रहना पड़ेगा। हर व्यक्ति को सस्ता, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना हमारी सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह योजना अटल जी के गरीबों के प्रति गहरे प्रेम और संवेदना को समर्पित है। अटल जी हमेशा कहते थे कि ‘गरीबी केवल आर्थिक नहीं, बल्कि अवसरों की कमी भी है।’ इसी सोच से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार यह कदम उठा रही है। अटल थाली योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली का कोई भी नागरिक भूखा न सोए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना न केवल भोजन की व्यवस्था है, बल्कि सम्मानजनक जीवन और सामाजिक समानता की दिशा में एक ठोस प्रयास है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read