HomeUTTAR PRADESH'हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी', राहुल गांधी के हाइड्रोजन बम पर...

‘हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी’, राहुल गांधी के हाइड्रोजन बम पर चुनाव आयोग का जवाब; कहा


EC On Rahul Gandhi’s Statement:आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे ‘वोट चोरी’ का मामला बताते हुए ‘हाइड्रोजन बम’ की संज्ञा दी है, जिसके तहत उन्होंने दस्तावेज जारी किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में 25 लाख मतदाता फर्जी हैं। कांग्रेस नेता ने चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर कई सवाल उठाए हैं। वहीं, अब चुनाव आयोग ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है।


राहुल गांधी का हरियाणा में वोट चोरी का आरोप


राहुल गांधी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘H Files’ नाम से दस्तावेज जारी किए, जिसमें हरियाणा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोटर लिस्ट में हेरफेर का दावा किया गया है। राहुल गांधी का कहना है कि चुनाव आयोग ने 25 लाख से ज्यादा फर्जी वोटर्स जोड़े, जिसमें 5.21 लाख डुप्लिकेट वोटर्स और 93,174 अमान्य पते वाले वोटर्स शामिल हैं। इससे कांग्रेस के वोटर्स को नुकसान पहुंचा और भाजपा को फायदा हुआ।


कांग्रेस नेता ने एक चौंकाने वाला दावा किया कि एक ब्राजीलियन मॉडल की फोटो को 22 बार वोटर लिस्ट में इस्तेमाल किया गया। नाम बदल-बदलकर जैसे सीमा, स्वीटी, सरस्वती जैसे कई नाम रखे गए। यह 10 अलग-अलग बूथों में हुआ, जिस पर राहुल ने पूछा कि चुनाव आयोग बताए कि यह महिला कितनी बार वोट डाल सकती है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि 3.5 लाख कांग्रेस समर्थक वोटर्स को लिस्ट से हटा दिया गया, जबकि कांग्रेस हरियाणा में महज 22,000 वोटों से हारी। गांधी ने इसे ‘केंद्रीकृत चोरी’ बताया, जो कॉल सेंटर स्तर पर हो रही है और पिछले 10-15 सालों से जारी है।


राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाया कि वे भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और लोकतंत्र की नींव को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने कर्नाटक के एक मामले का जिक्र किया, जहां सीआईडी ने फोन नंबरों की जानकारी मांगी लेकिन चुनाव आयोग ने नहीं दी। गांधी ने कहा कि यह पूरा राज्य चोरी करने जैसा है और कांग्रेस को अब आयोग के अंदर से मदद मिल रही है।


चुनाव आयोग ने आरोपों को किया खारिज


दूसरी तरफ, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों पर तुरंत प्रतिक्रिया दी और उन्हें ‘आधारहीन’ बताया। आयोग के सूत्रों ने बताया कि हरियाणा चुनाव में वोटर लिस्ट से संबंधित कोई अपील या शिकायत नहीं आई। अगर कोई अनियमितता होती, तो उम्मीदवारों या दलों द्वारा इसे उठाया जाता। इसके अलावा वोटर लिस्ट में बदलाव एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसमें डुप्लिकेट एंट्री हटाना शामिल है। आयोग ने कहा कि 2024 हरियाणा चुनाव निष्पक्ष थे और आरोप राजनीतिक हताशा से प्रेरित हैं। आयोग ने गांधी के दावों को फैक्ट चेक करते हुए कहा कि कोई बड़े पैमाने पर चोरी नहीं हुई। उन्होंने महाराष्ट्र जैसे अन्य राज्यों में भी इसी तरह के आरोपों को पहले खारिज किया था।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read