HomeUTTAR PRADESHपीओके को भारत का हिस्सा बनाने के लिए चाहिए 400 पार :...

पीओके को भारत का हिस्सा बनाने के लिए चाहिए 400 पार : CM योगी आदित्यनाथ

प्रतापगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा है कि पाक अधिकृत कश्मीर को भारत का हिस्सा बनाना है, इसलिए अबकी बार 400 पार सीटें चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में नई सरकार के गठन की तैयारी चल रही है और मुझे 10 राज्यों में जाने का अवसर मिला है। पूरे देश और पूरी दुनिया में चुनाव परिणाम के बारे में हर कोई आश्वस्त दिख रहा है। जनता की ओर से भी आवाज आ रही है चाहे जितना जोर लगा लो आएंगे तो मोदी ही। फिर एक बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा पूरे देश में गूंज रहा है। कांग्रेस और सपा को 400 पार के नारे से चक्कर आने लगा है क्योंकि प्रयागराज और गाजीपुर वाले इनके शागिर्द मिट्टी में मिल चुके हैं। सीएम योगी रविवार को रामपुर खास में पार्टी प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

सपा आतंकवादियों की हितैषी पार्टी

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने 10 साल में भारत का कायाकल्प कर दिया है। आज दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। आतंकवाद और नक्सलवाद पर नकेल कसी गई है। अब पाकिस्तान को पता चल गया है कि ये नया भारत है। भारत को छेड़ा तो छोड़ेगा नहीं। उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि वह आतंकवादियों की हितैषी पार्टी है। अयोध्या में और वाराणसी के संकट मोचन मंदिर पर आतंकी हमला हुआ तो प्रदेश में सपा और केंद्र में कांग्रेस सरकार थी। इन दोनों का गठजोड़ जब जब होता है तब तब अनर्थ होता है।

इंडी गठबंधन के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि प्रतापगढ़ का आंवला बहुत फेमस है। आंवले का ही प्रभाव है कि दुनिया कहती है कि 100 पढ़ा लिखा एक एक प्रतापगढ़ा। यहां के मेडिकल कॉलेज का नाम सोनेलाल पटेल जी के नाम पर रखा है। सीएम ने कहा कि सपा के समय में गरीब भूख से मरता था, उपचार के आभाव में दम तोड़ता था। किसान आत्महत्या करता था। बेटी और व्यापारी असुरक्षित थे। मगर अब तो देश में 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा है। साथ ही अब 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा मोदी जी देने जा रहे हैं। ये सारे कार्य कांग्रेस और सपा क्यों नहीं करा पाई, क्योंकि इनके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं। हमने विकास भी कराया है और वह काम भी किया है जो लोक परलोक दोनों सुधार देगा। हमने अयोध्या में 500 साल के इंतजार को खत्म करते हुए श्रीराम लला का भव्य मंदिर भी बनवा दिया।

इंडी गठबंधन वालों का डीएनए एक है

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि आज अयोध्या नई अयोध्या बन चुकी है, इसीलिए दुनिया कह रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। हम रामभक्त हैं जो देश, गरीब और विकास के बारे में सोचते हैं। मगर जो रामद्रोही है वो राष्ट्रद्रोही भी है। भ्रष्टाचारी, दुराचारी, माफिया और आतंक पैदा करने वाला भी है। इन सभी के डीएनए एक जैसे हैं। ये मिलकर अराजकता फैलाते हैं। ताड़का, मारीच और सुबाहू की तरह दंगा-फसाद कराते हैं। हर पर्व त्यौहार पर उपद्रव कराते थे ये लोग। आज सभी दंगाई रामनाम सत्य है कि यात्रा पर चले गये हैं। हम लोग इसीलिए आए हैं कि बेटी और व्यापारी सुरक्षित हो।

भाजपा औरंगजेब को कभी जिंदा नहीं होने देगी

विकास और सुरक्षा के लिए भाजपा ही आवश्यक

मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि भाजपा नागरिकों के अधिकार की रक्षा करने वाली पार्टी है। लेकिन इंडी गठबंधन धार्मिक आधार पर आरक्षण देना चाहता हैं। इनका कोई भरोसा नहीं ये कब पलट जाएं। ये झूठ बोलेंगे, गुमराह करेंगे, जाति के आधार पर बांटेंगे, मगर इनकी बातों में फंसना नहीं है। देश के विकास, सुरक्षा के लिए भाजपा ही आवश्यक है। सपा ने विकास, रोजगार, पानी के लिए आपको तरसाया था, अब आप इन्हें वोट के लिए तरसा दीजिए। संगम लाल गुप्ता को आपका साथ चाहिए। ये विकास भी करेंगे और आपके हक की लड़ाई भी लड़ेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश राणा, जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल, पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह मोती, डॉ शिवाकांत, राजकुमारी रत्ना सिंह, विधायकगण राजेन्द्र मौर्य, जीतलाल पटेल, उमेश द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read