HomeUTTAR PRADESHसबरीमाला मंदिर में 'सोने की चोरी'! केरल विधानसभा में सियासी घमासान तेज,...

सबरीमाला मंदिर में ‘सोने की चोरी’! केरल विधानसभा में सियासी घमासान तेज, विपक्षी गठबंधन ने मांगा मंत्री का इस्तीफा


Kerala News: केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है, जिसमें मंदिर की द्वारपालक मूर्तियों पर लगे सोने की परत वाले पैनलों के साथ कथित छेड़छाड़ और चोरी के आरोप लगे हैं। बताया गया कि मंदिर के गर्भगृह के बाहर लगी पत्थर की मूर्तियों पर तांबे की प्लेटें चढ़ाई गई थीं, जिन पर सोने की परत थी। वर्ष 2019 में मरम्मत के लिए ये पैनल हटाए गए और कथित तौर पर प्रायोजक उन्नीकृष्णन पोट्टी को सौंपे गए। मरम्मत के बाद लौटाए गए पैनलों में करीब 4.5 किलोग्राम वजन की कमी दर्ज की गई, जिससे विवाद गहरा गया।


हाईकोर्ट ने दिए SIT जांच के आदेश


मामले की गंभीरता को देखते हुए केरल हाईकोर्ट ने इस पूरे विवाद की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का आदेश दिया है। यह जांच एडीजीपी (कानून-व्यवस्था) एच वेंकटेश की निगरानी में की जाएगी, जबकि त्रिशूर KEPA के सहायक निदेशक एस. शशिधरन (IPS) जांच का नेतृत्व करेंगे। हाईकोर्ट ने यह जांच छह हफ्तों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान तिरुवनंतपुरम में उन्नीकृष्णन की बहन के घर से दो पेडस्टल भी बरामद किए गए हैं।


विधानसभा में हंगामा, मंत्री के इस्तीफे की मांग


इस मुद्दे ने अब सियासी रूप ले लिया है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन UDF ने केरल विधानसभा में इस मामले को जोर-शोर से उठाया। विपक्ष ने देवस्वओम मंत्री वी.एन. वासवन से इस्तीफा मांगते हुए प्रश्नकाल के दौरान नारेबाजी और तख्तियां लहराईं, जिससे लगातार दूसरे दिन सदन की कार्यवाही बाधित रही। विपक्ष का आरोप है कि सोने की चोरी और धार्मिक आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार लीपापोती कर रही है।


देवस्वओम बोर्ड ने दी सफाई


विवाद बढ़ने पर त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड ने स्पष्ट किया कि पैनल उन्नीकृष्णन को सौंपे जाने का दावा गलत है। बोर्ड के अनुसार, 14 पैनलों में कुल 397 ग्राम सोना था और मरम्मत के बाद ये बढ़कर 407 ग्राम हो गया, जिससे चोरी की बात निराधार साबित होती है। बोर्ड ने यह भी कहा कि 2019 में स्पॉन्सर और मरम्मत कंपनी “स्मार्ट क्रिएशन्स” ने 40 साल की वारंटी दी थी, इसलिए 2025 में दोबारा उन्हीं से संपर्क किया गया। बावजूद इसके, जांच और सियासी गर्मी ने इस मामले को केरल की राजनीति का नया केंद्र बना दिया है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read