HomeUTTAR PRADESH5 बदमाश और 30 राउंड फायरिंग...गुरुग्राम में आधी रात प्रॉपर्टी ऑफिस पर...

5 बदमाश और 30 राउंड फायरिंग…गुरुग्राम में आधी रात प्रॉपर्टी ऑफिस पर ताबड़तोड़ चली गोलियां, शक के घेरे में विदेश जा बैठे गैंगस्टर


Gurugram News: गुरुग्राम के सेक्टर-45स्थित मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार रात एक प्रॉपर्टी कंपनी के दफ्तर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग ने शहर में हड़कंप मचा दिया। रात करीब 9:20 बजे पांच नकाबपोश हथियारबंद बदमाश MNR Buildmark कंपनी के कार्यालय में घुसे और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। बदमाश ऑफिस का गेट फांदकर अंदर घुसे और एक के बाद एक गोलियां दाग दीं।


शोरूम में खड़ी लग्जरी कारें भी निशाने पर


इस हमले में बदमाशों ने 30से ज्यादा राउंड फायरिंग की। दफ्तर के कांच चकनाचूर हो गए और पार्किंग में खड़ी BMW व जैगुआर जैसी लग्जरी कारों को भी गोलियों से छलनी कर दिया गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उस वक्त दफ्तर के अंदर मौजूद किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, लेकिन उनके इस दुस्साहस ने शहर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


विदेशी गैंगस्टर के इशारे पर हमला?


सूत्रों के अनुसार, इस वारदात के पीछे विदेश में बैठे किसी गैंगस्टर का हाथ हो सकता है। पुलिस इसे आपसी रंजिश या फिर रंगदारी से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है। अपराधियों ने जिस तरह से ऑफिस को निशाना बनाया, वह सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है। बताया जा रहा है कि कंपनी को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं।


CCTV से सुराग तलाशने में जुटी पुलिस


घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने 30 से अधिक खोखे बरामद किए हैं। जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और कई टीमें हमलावरों की तलाश में अलग-अलग इलाकों में भेजी गई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read