HomeUTTAR PRADESHCM योगी ने फिर की अपील, रामद्रोहियों को वोट न दे जनता

CM योगी ने फिर की अपील, रामद्रोहियों को वोट न दे जनता

कानपुर, एटा, शाहजहांपुर:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को चुनावी रण में फिर गरजे। उन्होंने अकबरपुर लोकसभा सीट से देवेंद्र सिंह भोले, फर्रुखाबाद से मुकेश राजपूत और शाहजहांपुर से अरुण सागर को फिर जिताने की अपील की। वहीं शाहजहांपुर की ददरौल विधानसभा में उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी अरविंद सिंह को जिताने का संकल्प दिलाया। एक तरफ जनसभाओं में उमड़ी भीड़ के प्रति सीएम ने आभार जताया तो सपा-कांग्रेस पर खूब बिफरे। उन्होंने जनता से कहा कि यह चुनाव रामभक्त और रामद्रोहियों के बीच है। जो रामभक्त हैं, वही राष्ट्रभक्त भी हैं। इन चुनाव में रामद्रोहियों को नकार दीजिए। सपा पर बरसते हुए सीएम योगी ने कहा कि 7 मई को हुए चुनाव में सैफई परिवार तीन सीटों पर हारेगा। 13 को कन्नौज और 25 को आजमगढ़ का नंबर भी आने वाला है।

अकबरपुर का नाम ऐसा कि बार-बार बोलने में संकोच लगता है, यह बदल जाएगा
पहली जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अकबरपुर का नाम ही ऐसा है कि बार बार बोलने में संकोच लगता है। ये सब बदल जाएगा। यह सनातन सत्य है कि रामद्रोहियों का हमेशा पतन हुआ है। 2024 का लोकसभा चुनाव इस शाश्वत सत्य की पुष्टि करने वाला है। रामद्रोही हमें जाति, क्षेत्र के नामपर लड़ाने का काम कर रहे हैं। आतंकियों का महिमामंडन और माफिया को गले का हार बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा विभाजन की राजनीति करने वाली रही है। इन्होंने देश का विभाजन किया। देश के अलग अलग भागों में आतंकवाद और अलगाववाद को पनपाने का काम किया। सीएम ने कहा कि सरकार सर्वे करा रही है कि इस क्षेत्र में गन्ने की गुंजाइश होगी तो यहां शुगर और इथनॉल कॉम्पलेक्स का विकास किया जाएगा। सपा सरकार में यहां तमंचे बनते थे, कानपुर डिफेंस कॉरीडोर में देश के लिए तोपें बनेंगी। यहां की तोप जब सीमा पर गरजेगी तो कानपुर और यूपी का नाम सबके जेहन में छा जाएगा। जब दुश्मन देश की सेना धराशाई होंगी तो उसके साथ कानपुर डिफेंस कॉरीडोर का नाम सबसे ऊपर उभर के आएगा। आज यहां बन रहा गोला बारूद पूरी दुनिया को जा रहा है।

माफिया पर कार्रवाई से सपा नेताओं को होती है पीड़ा
सीएम ने एटा में फर्रुखाबाद लोकसभा सीट के प्रचार के दौरान कहा कि प्रो. रामगोपाल यादव को राम मंदिर कैसे अच्छा लगेगा। यह लोग आतंकियों को जेल से छुड़ाते हैं। 2004से 2007 के मध्य सपा सरकार के समय आतंकियों ने अयोध्या में रामजन्मभूमि, काशी में संकट मोचन मंदिर, लखनऊ, अयोध्या व वाराणसी की कचहरी और रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर हमला किया था। 2012 में जब सपा सरकार आई तो तत्कालीन सीएम ने सबसे पहले आतंकवादियों के मुकदमों को वापस लेने का आदेश दिया था। उन्हें नौजवानों, बेटियों, व्यापारियों की नहीं, बल्कि आतंकवादियों की चिंता थी। सीएम ने कहा कि भारत में राम और राम मंदिर का विरोध करने वालों को वोट देने का पाप लगेगा। इन्हें वोट देने वाला इस लोक को भी खराब कर रहा है और परलोक भी खराब कर लेगा। सीएम ने कहा कि रामद्रोहियों के लिए हमने बुलडोजर का अविष्कार किया है। कांग्रेस व सपा का गठबंधन सुरक्षा पर सेंध, जेबों पर डकैती, नक्सलवाद- आतंकवाद को भड़काने और राम मंदिर का विरोध करने वाला है। सपा माफिया समर्थक है। यह गरीबों का खून चूसने वाले माफिया की पैरवी करती है। सपा के नेता इसलिए पीड़ित हैं, क्योंकि इनके गले के हार माफिया पर कार्रवाई हो रही है।

जो पूर्वजों को धक्का देकर बाहर करते हों, उनसे विरासत के सम्मान की बात बेमानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर में कहा कि लोकसभा चुनावों में आधी सीटों पर मतदान हो चुका है। ‘अबकी बार चार सौ पार..’ के लक्ष्य के लिए हमने आधी मंजिल पूरी कर ली है। 2024 का चुनाव नया इतिहास बनाने के लिए उतावला दिख रहा है। कांग्रेस और सपा के चेहरे से उड़ी हवा बताती है कि आधे समर में ही उन्होंने हार स्वीकार कर ली है। हमारा इतिहास गवाह है कितना ही बड़ा और शक्तिशाली कोई क्यों न रहा हो, अगर वह रामद्रोही है तो उसका पतन सुनिश्चित है। जो अपने पूर्वजों को धक्का देकर बाहर करते हों, उनसे विरासत के सम्मान की बात बेमानी है। मुख्यमंत्री ने भाजपा शासन में विकास एवं गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि शाहजहांपुर मे मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ है। यहां गंगा पर पीपे का पुल बनाने की मांग की गई थी जो ठाकुर रोशन सिंह के गांव को जोड़ती थी, मगर हमने वहां पक्का पुल दे दिया। ये सरकार बुलाकर विकास का लाभ दे रही है। शाहजहांपुर में हनुमत धाम में रोपवे लगने जा रहा है। काकोरी ट्रेन ऐक्शन के महानायकों के सम्मान में भव्य म्यूजियम बन गया है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read