HomeUTTAR PRADESHअचानक घुसा पानी और बहा ले गया 5 जिंदगियां...हाइड्रो पावर प्लांट में...

अचानक घुसा पानी और बहा ले गया 5 जिंदगियां…हाइड्रो पावर प्लांट में महिसागर नदी का जल घुसने से बड़ा हादसा, ठेकेदार पर लग रहे आरोप


Gujarat News: गुजरात के महिसागर जिले के लुनावाड़ा तालुका में दोलतपुरा गांव के पास तत्रोली पुल पर एक हाइड्रो पावर प्लांट में भीषण हादसा हुआ। कडाणा बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण प्लांट में अचानक पानी भर गया, जिससे वहां काम कर रहे 15मजदूरों में से 5की डूबने से मौत हो गई।


मृतकों की पहचान शैलेश रायजीभाई माछी, शैलेशभाई रमणभाई माछी (दोनों दोलतपुरा), भरतभाई अखमाभाई पडरिया (दाधलिया), अरविंदभाई डामोर (अकलिया) और नरेशभाई वायरमैन (गोधरा) के रूप में हुई। हादसे के समय मजदूर मशीन की मरम्मत कर रहे थे।


अचानक आए पानी के तेज बहाव में बाकी मजदूर तो भाग निकले, लेकिन पांच लोग नहीं बच सके। जिला प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें जिला कलेक्टर और पुलिस प्रमुख ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। 


ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप


हादसे के बाद एक सहकर्मी मनीष मच्छी ने बताया कि ठेकेदार ने पानी छोड़े जाने की सूचना तो दी थी, लेकिन पानी की भारी मात्रा और जलस्तर की गंभीरता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। मनीष के मुताबिक, अगर सही जानकारी दी जाती, तो मजदूर समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाते। यह प्लांट अजंता पावर प्रोजेक्ट कंपनी का है, जिसके मालिक जयसुख पटेल मोरबी पुल हादसे से भी जुड़े रहे हैं। मजदूरों ने ठेकेदार की लापरवाही को इस त्रासदी का मुख्य कारण बताया। 


कडाणा बांध में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर


कडाणा बांध, जो महिसागर समेत आठ जिलों की जीवनरेखा है, में भारी बारिश के कारण जलस्तर 414.5 फीट तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से तीन फीट ऊपर है। बांध के 13 गेट 10 फीट तक खोले गए, जिससे माही नदी में 2,29,373 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। तेज बारिश से 2,54,315 क्यूसेक पानी बांध में आ रहा है। कडाणा हाइड्रो पावर की चार इकाइयों से 20,400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बढ़ते जलस्तर के कारण नदी के किनारे उफान पर हैं, और निचले इलाकों में प्रशासन ने एहतियाती नोटिस जारी किए हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read