HomeUTTAR PRADESHबेटी के पहले बर्थडे की खुशी मलबे में दबी...उजड़े कई परिवार, मुंबई...

बेटी के पहले बर्थडे की खुशी मलबे में दबी…उजड़े कई परिवार, मुंबई में इमारत गिरने से 15 लोगों की मौत


Virar Building Collapse: महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में मंगलवार और बुधवार को नारंगी फाटा इलाके में स्थित रामाबाई अपार्टमेंट की चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा अचानक ढह गया, जिसके मलबे में दबकर अब तक 15 लोगों की जान जा चुकी है। सबसे ज्यादा दुख की बात यह है कि इस हादसे ने एक परिवार की खुशी को पलभर में मातम में बदल दिया, जब जॉयल परिवार अपनी मासूम बेटी उत्कर्षा का पहला जन्मदिन मना रहा था।


 राहत-बचाव कार्य जारी


इस भयानक हादसे की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), पुलिस, और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआत में इलाके की तंग गलियों के कारण भारी मशीनों को लाने में दिक्कत हुई, जिसके चलते मलबा हटाने का काम हाथों से करना पड़ा। बाद में मशीनों की मदद से बचाव कार्य में तेजी लाई गई। NDRF की दो टीमें अभी भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटी हैं। वहीं, पालघर की जिला कलेक्टर इंदु रानी जाखड़ ने बताया कि मलबे में अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका है।


खुशी का माहौल मातम में बदला


जानकारी के अनुसार, इस हादसे के समय रामाबाई अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर जॉयल परिवार रहता था, जो अपनी बेटी उत्कर्षा का पहला जन्मदिन मना रहा था। घर को सजाया गया था, केक काटा गया, और परिवार ने खुशी के पल तस्वीरों में कैद किए। लेकिन केक काटने के महज पांच मिनट बाद, मंगलवार रात करीब 12:05 बजे, इमारत का एक हिस्सा पास की खाली चॉल पर ढह गया। इस हादसे में मां आरोही ओंकार जॉयल (24) और उनकी एक वर्षीय बेटी उत्कर्षा सहित कई लोग मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।


इस हादसे में अभी तक 15 लोगों की मौत हो चुकी हैं। वहीं, अधिकारियों ने अब तक सात मृतकों की पहचान की है, जिनमें आरोही ओंकार जॉयल (24), उत्कर्षा जॉयल (1), लक्ष्मण किस्कू सिंह (26), दिनेश प्रकाश सपकाल (43), सुप्रिया निवालकर (38), अर्नव निवालकर (11), और पार्वती सपकाल शामिल हैं। इसके अलावा हादसे में चार से छह लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज नालासोपारा और मुंबई के बाहरी इलाकों के अस्पतालों में चल रहा है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read