Barabanki Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दरअसल, एक रोडवेज बस पर बहुत बड़ा पेड़ गिरने से ड्राइवर सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस-प्रशासन ने मौके पर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया वहीं, इस त्रासदी ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
कहां-कैसे हुआ ये हादसा?
दरअसल, ये हादसा बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर हरख चौराहा के पास हुआ, जहां बस यात्रियों को लेकर हैदरगढ़ की ओर जा रही थी। जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण एक विशाल पेड़ अचानक चलती रोडवेज बस के ऊपर गिर गया। पेड़ इतना भारी था कि बस की छत पूरी तरह चकनाचूर हो गई। इस हादसे में चार महिलाओं समेत बस ड्राइवर की जान चली गई। जबकि कई लोग घायल हो गए। वहीं, कई अन्य यात्री बस में फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पेड़ के गिरने से बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा कुछ यात्रियों ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें एक महिला यात्री की आवाज सुनाई दी, जिसमें वह मदद के लिए चिल्लाते हुए कह रही थी ‘हम यहां मर रहे हैं और आप वीडियो बना रहे हैं! अगर आप शाखाएं हटाने में मदद करते, तो हम बाहर निकल पाते।’
राहत-बचाव कार्य जारी
दूसरी तरफ, हादसे की सूचना मिलते ही सतरिख और जैदपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन, NDRF और अन्य राहत टीमें बचाव कार्य में जुट गईं। कई घायल यात्रियों को इलाज के लिए पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव कार्य तेजी से चल रहा है, ताकि फंसे हुए लोगों को जल्द से जल्द निकाला जा सके।


