HomeUTTAR PRADESHसियासी मुलाकात या कुछ और! मातोश्री पहुंचकर राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे...

सियासी मुलाकात या कुछ और! मातोश्री पहुंचकर राज ठाकरे ने उद्धव ठाकरे को दी जन्मदिन की बधाई


Uddhav Thackeray Birthday: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने रविवार को मातोश्री पहुंचकर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन पर बधाई दी। यह मुलाकात छह साल बाद मातोश्री में हुई, जिसे सियासी हलकों में अहम माना जा रहा है। इससे पहले 2019 में राज ठाकरे अपने बेटे अमित की शादी का न्योता देने मातोश्री गए थे। इस बार स्वेच्छा से की गई यह मुलाकात ठाकरे बंधुओं के बीच बढ़ती नजदीकियों का संकेत दे रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी उद्धव को जन्मदिन की बधाई दी और महाराष्ट्र के हितों के लिए उनके साथ मिलकर लड़ने की बात कही। 


20 साल बाद एक मंच, अब एकजुटता की चर्चा


हाल ही में मुंबई के आजाद मैदान में आयोजित मराठी विजय रैली में राज और उद्धव 20 साल बाद एक मंच पर नजर आए थे। इस रैली में राज ने उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तारीफ की, जबकि उद्धव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए हिंदुत्व और मराठी अस्मिता की बात की। उद्धव ने कहा कि उनकी एकजुटता महाराष्ट्र के लिए है और वे बीजेपी की “उपयोग करो और फेंक दो” नीति का जवाब देंगे। इस रैली ने दोनों भाइयों के बीच सियासी तालमेल की संभावनाओं को हवा दी, जिसे मातोश्री की यह मुलाकात और मजबूत कर रही है। 


बीएमसी चुनाव में साथ उतरेंगे ठाकरे बंधु?


शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने संकेत दिए हैं कि महाराष्ट्र की जनता ठाकरे बंधुओं को एकसाथ देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि बीएमसी चुनाव में एमवीए या इंडिया गठबंधन की जरूरत नहीं, बल्कि ठाकरे बंधु मिलकर मैदान में उतर सकते हैं। राज और उद्धव की बढ़ती नजदीकियां और साझा मंच सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों भाई बीएमसी चुनाव में एकजुट होकर बीजेपी के खिलाफ मजबूत चुनौती पेश कर सकते हैं।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read