Amritsar Airport Received Bomb Threat: बीते कुछ दिनों से देश में धमकियों का सिलसिला रुक नहीं रहा है। दिल्ली में स्कूलों को लगातार बम की धमकियों के बाद एक और बड़ी खबर पंजाब से सामने आई है। सोमवार शाम अमृतसर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट प्रशासन को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें उसने कहा, “एयरपोर्ट को बम से उड़ा दिया जाएगा।” इसके बाद हवाई अड्डे पर तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड एयरपोर्ट पर तैनात
पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट को 21जुलाई, 2025की शाम बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर एयरपोर्ट प्रशासन को धमकी दी कि हवाई अड्डे को बम से नष्ट कर दिया जाएगा। इसके तुरंत बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को तैनात कर एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, हालांकि उड़ान संचालन सामान्य रूप से जारी है।
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की गहन जांच में अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस इसे शरारती तत्वों की हरकत मानकर भी जांच कर रही है, लेकिन किसी भी खतरे की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। दिल्ली के स्कूलों को हाल में मिली बम धमकियों के बाद यह घटना चिंता का विषय बनी है। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं ताकि ऐसी घटनाओं के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।









