HomeUTTAR PRADESHहर्षवर्धन श्रृंगला, उज्ज्वल निकम समेत चार हस्तियां राज्यसभा में मनोनयन, राष्ट्रपति मुर्मू...

हर्षवर्धन श्रृंगला, उज्ज्वल निकम समेत चार हस्तियां राज्यसभा में मनोनयन, राष्ट्रपति मुर्मू ने लगाई मुहर


Rajya Sabha: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 80 के तहत चार प्रतिष्ठित व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। इनमें प्रख्यात वकील उज्ज्वल निकम, पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, केरल के समाजसेवी और शिक्षाविद श्री. सदानंद मास्तर, और प्रख्यात इतिहासकार डॉ. मीनाक्षी जैन शामिल हैं। यह मनोनयन 12 जुलाई 2025 को गृह मंत्रालय द्वारा जारी एक अधिसूचना के माध्यम से घोषित किया गया। जो सेवानिवृत्त मनोनीत सदस्यों के कारण रिक्त हुए स्थानों को भरने के लिए किया गया है।


कौन हैं उज्ज्वल निकम?


बता दें, उज्ज्वल देवराव निकम एक प्रसिद्ध सरकारी वकील हैं। जिन्हें 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मामले में विशेष लोक अभियोजक के रूप में उनकी भूमिका के लिए जाना जाता है। उन्होंने अजमल कसाब के खिलाफ मुकदमे में प्रभावी ढंग से पैरवी की थी। इसके अलावा 1993 के मुंबई बम विस्फोट मामले सहित कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों में महाराष्ट्र सरकार का प्रतिनिधित्व किया है। हाल ही में, निकम ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उनकी कानूनी विशेषज्ञता और आतंकवाद-रोधी मामलों में योगदान को इस मनोनयन के जरिए सम्मानित किया गया है।


कौन हैं हर्षवर्धन श्रृंगला?


हर्षवर्धन श्रृंगला एक अनुभवी राजनयिक हैं, जिन्होंने जनवरी 2020 से अप्रैल 2022 तक भारत के विदेश सचिव के रूप में कार्य किया। 1984 बैच के भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी, श्रृंगला ने अमेरिका, बांग्लादेश और थाईलैंड में भारत के राजदूत के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत की कूटनीतिक रणनीतियों को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से, अमेरिका में उनके कार्यकाल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “हाउडी मोदी” कार्यक्रम का आयोजन उनके नेतृत्व में हुआ, जिसमें तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी शामिल हुए थे।


कौन हैं सी. सदानंदन मास्तर?


केरल के एक वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद्, सी. सदानंदन मास्तर बीजेपी के राज्य उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने दशकों तक जमीनी स्तर पर सामाजिक सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में काम किया है। 2016 में उन्होंने कोट्टायम से बीजेपी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। उनकी सामाजिक और राजनीतिक सक्रियता, खासकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ उनके जुड़ाव ने उन्हें इस मनोनयन के लिए उपयुक्त बनाया।


कौन हैं डॉ. मीनाक्षी जैन?


डॉ. मीनाक्षी जैन एक प्रख्यात इतिहासकार और शिक्षाविद् हैं, जिन्हें भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक अध्ययन में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। उनकी विद्वता और शोध ने भारतीय सभ्यता के विभिन्न पहलुओं को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी नियुक्ति से संसद में ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण को और मजबूती मिलेगी।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read