नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से बातचीत की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि शुभांशु आज आप भारत भूमि से सबसे दूर हैं। लेकिन भारतवासियों के दिलों के सबसे करीब हैं। आपके नाम में भी शुभ है और आपकी यात्रा नए युग का शुभारंभ भी है।
पीएम मोदी ने कहा कि इस समय बात हम दोनों कर रहे हैं, लेकिन मेरे साथ 140 करोड़ भारतवासियों की भावनाएं भी हैं। मेरी आवाज में सभी भारतीयों का उत्साह और उमंग शामिल है।अंतरिक्ष में भारत का परचम लहराने के लिए मैं आपको हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि परिक्रमा करना भारत की सदियों पुरानी परंपरा है। आपको तो पृथ्वी माता की परिक्रमा का सौभाग्य मिला है।
वे ये सोचते हैं कि मैं भी वहां पहुंच सकता हूं- पीएम मोदी
बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि शुभांशु, चंद्रयान की सफलता के बाद देश के बच्चों में, युवाओं में विज्ञान को लेकर एक नई रुचि पैदा हुई, अंतरिक्ष को explore करने का जज्बा बढ़ा।अब आपकी ये ऐतिहासिक यात्रा उस संकल्प को और मजबूती दे रही है।आज बच्चे सिर्फ आसमान नहीं देखते, वे ये सोचते हैं कि मैं भी वहां पहुंच सकता हूं।यही सोच, यही भावना हमारे भविष्य के space missions की असली बुनियाद है।
भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं- कैप्टन शुभांशु शुक्ला
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा, “पीएम मोदी, आपकी और 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं यहां ठीक और सुरक्षित हूं। मुझे बहुत अच्छा लग रहा है, यह एक नया अनुभव है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ मेरी नहीं बल्कि पूरे देश की यात्रा है। आपके नेतृत्व में आज का भारत अपने सपनों को पूरा करने के लिए कई अवसर प्रदान करता है…मैं यहां भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।”





