HomeUTTAR PRADESHपटना में स्कॉर्पियो ने पुलिस चेकिंग टीम को रौंदा, महिला कॉन्स्टेबल की...

पटना में स्कॉर्पियो ने पुलिस चेकिंग टीम को रौंदा, महिला कॉन्स्टेबल की मौत; 2 गंभीर रूप से घायल


Bihar Accident News: बिहार की राजधानी पटना में 11 जून की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है। दरअसल, श्रीकृष्णपुरी थाना क्षेत्र के अटल पथ पर वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। जिसमें एक महिला कॉन्स्टेबल की मौत हो गई और दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। 


कहां-कैसे हुआ ये हादसा?


बता दें, पटना पुलिस की ओर से बुधवार रात 10:30 बजे से 12:30 बजे के बीच जिला-स्तरीय वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। यह अभियान राजीव नगर क्रॉसिंग के पास अटल पथ पर चल रहा था, जहां पुलिसकर्मी वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार, जिस पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का झंडा लगा हुआ था, तेज रफ्तार में वहां पहुंची। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने के बावजूद ड्राइवर ने गाड़ी नहीं रोकी और पीछे से चेकिंग में लगे पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी।


इस हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें एक महिला कॉन्स्टेबल, एक सब-इंस्पेक्टर, और एक अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। जिसके बाद घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन महिला कॉन्स्टेबल की स्थिति गंभीर होने के कारण उनकी मौत हो गई। जबकि दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। 


जांच में जुटी पुलिस


इस हादसे के बाद स्कॉर्पियो ड्राइवर मौके से फरार हो गया, लेकिन कार में सवार दो अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कार पर बीजेपी का झंडा लगा हुआ था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि इसका कोई राजनीतिक संबंध है या नहीं।


इस मामले में पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अवकाश कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार ड्राइवर को जल्द पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने मौके से कुछ सबूत भी जुटाए हैं, जिनमें दुर्घटनाग्रस्त कार और सीसीटीवी फुटेज शामिल हैं। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि ड्राइवर की पहचान और घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read