India Playing 11 England Test Series: भारतीय क्रिकेट टीम को अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेलनी है। यह सीरीज़ 20जून से शुरू होगी और दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड में खेला जाएगा। लेकिन सीरीज़ से पहले टीम इंडिया के लिए दो बड़े नामों की गैरमौजूदगी चर्चा में है।
सबसे पहले रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। इसके बाद विराट कोहली ने भी बीसीसीआई को टेस्ट रिटायरमेंट को लेकर अपना निर्णय बता दिया। ऐसे में अगर दोनों दिग्गज खिलाड़ी इस अहम सीरीज़ का हिस्सा नहीं होते, तो टीम इंडिया किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरेगी, इस पर सभी की नजर है। गौरतलब है कि अभी तक बीसीसीआई ने इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का औपचारिक ऐलान नहीं किया है। फिर भी, संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।
जायसवाल और सुदर्शन कर सकते हैं पारी की शुरुआत
ओपनिंग की जिम्मेदारी दो युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज़ोंयशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन को दी जा सकती है। साई ने आईपीएल में जबरदस्त प्रदर्शन किया है, वहीं जायसवाल पहले ही टेस्ट में खुद को साबित कर चुके हैं।नंबर तीन पर शुभमन गिल का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। वह इस पोजीशन पर पहले भी टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं।
मिडिल ऑर्डर में राहुल और अय्यर के बीच मुकाबला
नंबर चार के लिए दो विकल्प हैंश्रेयस अय्यर और केएल राहुल। हालांकि विदेशी पिचों पर गेंदबाज़ी को ध्यान में रखते हुए, केएल राहुल का दावा ज्यादा मजबूत लग रहा है। माना जा रहा है कि इंग्लैंड की परिस्थितियों में टीम चार तेज़ गेंदबाज़ों के साथ उतर सकती है।
पंत करेंगे विकेटकीपिंग, रेड्डी को मिल सकता है मौका
ऋषभ पंत को पांचवें नंबर पर खेलने की संभावना है। वह टेस्ट में भारत के सबसे भरोसेमंद विकेटकीपर-बल्लेबाज़ माने जाते हैं। उनके बाद नितीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया जा सकता है। रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार बल्लेबाज़ी की थी और वह पार्ट-टाइम मीडियम पेसर की भूमिका भी निभा सकते हैं।
स्पिन विभाग जडेजा और सुंदर के भरोसे, तेज़ गेंदबाज़ों की चौकड़ी तैयार
टीम में रवींद्र जडेजा मुख्य स्पिनर के रूप में शामिल हो सकते हैं। उनके साथ वाशिंगटन सुंदर को भी मौका दिया जा सकता है। दोनों खिलाड़ी बल्लेबाज़ी और गेंदबाज़ी में संतुलन बनाए रखने में सक्षम हैं। तेज गेंदबाज़ी में कप्तान जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में जगह मिल सकती है।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन-
यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।









