AAP To Boycott MCD Mayor Elections: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नए मेयर का चुनाव 25अप्रैल को होना है। मंगलवार को नामांकन भरने की आखिरी तारीख है, लेकिन अब तक किसी भी पार्टी के उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। इस बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए घोषणा की है कि वह मेयर चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी।
सोमवार को दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज और पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) आम आदमी पार्टी के पार्षदों को डराने, धमकाने और लालच देकर अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “हमने यह निर्णय लिया है कि हम मेयर पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारेंगे।”
‘चार इंजन की सरकार को बिना बहाना बनाए चलाएं‘ – AAP का तंज
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, “हम चाहते हैं कि बीजेपी बिना किसी रुकावट के अपना मेयर चुने और अपनी चार इंजन वाली सरकार को बहानेबाजी के बिना चलाए। अब दिल्ली की जनता देखे कि वे क्या करते हैं।”
आम आदमी पार्टी के इस फैसले के बाद अब दिल्ली मेयर के लिए बीजेपी के उम्मीदवार का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
एमसीडी में भी बीजेपी की वापसी तय
कुछ महीनों पहले हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बहुमत मिला था और रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार बनी थी। अब मेयर पद के साथ-साथ एमसीडी की सत्ता पर भी बीजेपी का कब्जा तय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन हालिया विधानसभा चुनाव में समीकरण बदल गए। नंबर गेम में अब बीजेपी आगे निकल चुकी है।









