UP News: देशभर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। जिससे मासूम बच्चों में डर पैदा हो गया है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के बरेली से भी सामने आया है। जहां बच्चे स्कूल जाने से डर रहे हैं। हाल ही में एक पांचवीं कक्षा के छात्र अविरल अग्रवाल पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना का बच्चे पर असर इतना गहरा पड़ा कि उसने रोते हुए जिलाधिकारी और महापौर से गुहार लगाई। उसने कहा ‘DM अंकल, मेयर अंकल, कृपया कुत्तों को पकड़वाएं, मैं तब तक स्कूल नहीं जाऊंगा जब तक ये खतरा खत्म नहीं होता।’
कहां-कैसे घटी ये घटना?
बता दें, बरेली की राम वाटिका कॉलोनी में रहने वाला अविरल अपने दोस्तों के साथ स्कूल से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में अचानक कुछ आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसके पैर को बुरी तरह जख्मी कर दिया। आसपास के लोगों ने उसकी चीखें सुनकर तुरंत उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, अविरल की हालत गंभीर है, और उसे प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता होगी। डॉ. प्रवेंद्र माहेश्वरी ने बताया कि बच्चे को एंटी-रैबीज इंजेक्शन दिया गया है, लेकिन घाव के गहरे होने की वजह से सर्जरी कराना जरूरी है।
बच्चे ने की अपील
घायल अविरल ने अपना डर बताते हुए कहा ‘कॉलोनी में इतने कुत्ते हैं कि साइकिल चलाना भी मुश्किल हो गया है। मैं डर गया हूं। जब तक कुत्तों को नहीं पकड़ा जाएगा, मैं स्कूल नहीं जाऊंगा।’ अविरल ने आगे बताया कि यह पहला मौका नहीं है जब उस पर कुत्तों ने हमला किया। कुछ महीने पहले भी साइकिल चलाते समय उसे कुत्तों ने काटा था। कॉलोनी और स्कूल के आसपास आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या ने बच्चों और निवासियों में दहशत पैदा कर दी है।
वहीं, अब उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के लिए मजबूर किया। जिसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया औऱ जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने नगर निगम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आदेश दिया कि आवारा कुत्तों को पकड़ा जाए, उनकी नसबंदी की जाए और रैबीज वैक्सीनेशन सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने एक कैटल टीम गठन की है, जो कुत्तों को पकड़ने और वैक्सीनेशन का काम कर रही है।









