बैंकॉक, 15 मई:
भारतीय शटलर पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन गुरुवार को यहां अपने-अपने मैचों में सीधे गेम में जीत के साथ 500,000 अमेरिकी डॉलर के थाईलैंड ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और छठी वरीयता प्राप्त सिंधु को महिला एकल के दूसरे दौर में डेनमार्क की अमाली शुल्ज को 21-13, 21-15 से हराने के लिए सिर्फ 28 मिनट की जरूरत पड़ी।
2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने पुरुष एकल मुकाबले में चीन के झू जुआन चेन को 39 मिनट तक चले मुकाबले में 21-12, 21-13 से हराया।
सिंधु का अगला मुकाबला शीर्ष वरीय और दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी जापान की अकाने यामागुची से होगा, जबकि लक्ष्य का मुकाबला थाईलैंड के दूसरे वरीय कुनलावुत वितिदसार्न से होगा।
भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भी मलेशिया के ब्रायन जेरेमी गुंटिंग और मुहम्मद हाइकाल को 44 मिनट में 21-12, 21-19 से हराकर अंतिम आठ चरण में प्रवेश किया।
दुनिया की चौथे नंबर की भारतीय जोड़ी का अगला मुकाबला ताकुमी नोमुरा और युइची शिमोगामी की छठी वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी से होगा।
हालांकि, पूर्व विश्व नंबर 1 किदांबी श्रीकांत एक घंटे और 10 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे के विश्व नंबर 47 सु ली यांग से 16-21, 21-11, 18-21 से हारकर बाहर हो गए।
यह युवा देविका सिहाग की राह का भी अंत था, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में थाईलैंड मास्टर्स में अपना पहला सुपर 300 खिताब जीता था। वह थाईलैंड की पिचामोन ओपाटनिपुथ से 21-23, 11-21 से हार गईं।









