HomeUTTARAKHANDCM धामी ने साम्बा, जम्मू-कश्मीर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में किया...

CM धामी ने साम्बा, जम्मू-कश्मीर में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में किया प्रचार

जम्मू: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को साम्बा, जम्मू-कश्मीर में भाजपा प्रत्याशी सुरजीत सिंह सलाथिया के पक्ष में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग किया। हजारों की संख्या में लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि साम्बा की वीर धरती ने मां भारती की सेवा में कई वीर सपूतों को दिया है। उन्होंने वीरों की भूमि साम्बा को नमन करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद से निश्चित ही भाजपा प्रत्याशी सुरजीत सिंह सलाथिया भारी बहुमत से विजय होंगे। यह चुनाव जम्मू कश्मीर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने का चुनाव है। उन्होने जनता से आगामी 1 अक्टूबर को कमल के फूल पर वोट देकर पूरे प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की एक देश, एक विधान और एक निशान की कल्पना को साकार किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में धारा 370 को समाप्त कर एकीकृत भारत के सपने को अंजाम तक पहुंचाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा जब-जब भाजपा ने धारा 370 समाप्त करने के लिए आवाज उठाई तो इसका विरोध हुआ। लेकिन 05 अगस्त, 2019 को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने धारा 370 को समाप्त कर ऐतिहासिक कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धारा 370 समाप्त होने से पहले पत्थरबाज, आतंकवादी कश्मीर में हावी थे। इन लोगों ने लगातार देश की तरक्की रोकने का कार्य किया है। पर केंद्र की भाजपा सरकार में जम्मू कश्मीर के अंदर मिनिमम टेररिज्म और मैक्सिमम टूरिज्म हो गया है। आज जम्मू कश्मीर में पत्थरबाजी की घटनाएं पूर्ण रूप से बंद है। अब किसी में पत्थरबाजी करने की हिम्मत नहीं है। इस बार का चुनाव बहुत ऐतिहासिक होने वाला है। आजादी के बाद पहली बार जम्मू कश्मीर के लोग दो झंडे, दो संविधान के नीचे नहीं बल्कि तिरंगे के नीचे, बाबा अंबेडकर के संविधान के आधार पर मतदान करेंगे। पहले कश्मीर में 10 प्रतिशत मतदान होता था, लेकिन लोकसभा चुनाव 2024 में यह बढ़कर 58 प्रतिशत मतदान हुआ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में विकास की नई राह खुली है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में अनेक कार्य हो रहे है। आज घाटी में आईआईटी, आईआईएम के साथ ही कई कॉलेज का निर्माण हुआ है। 25000 करोड़ की लागत से अनेक हाइड्रो प्रोजेक्ट पर कार्य गतिमान है। अब युवाओं के हाथ में हथियार नहीं हुनर है। 2019 से बाद से 30 हजार युवाओं को रोजगार मिल चुका है एवं 70 हजार करोड़ का विदेशी निवेश बढ़ा है। जिसमे 5 बड़े प्रोजेक्ट्स शुरू हो चुके हैं। आईटी पार्क का निर्माण कार्य जारी है। उद्यान रजिस्ट्रेशन पोर्टल लांच होने के बाद 1.5 लाख एमएसएमई यूनिट खोली गई हैं। आज प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में जम्मू कश्मीर का विकास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बाबा अमरनाथ की यात्रा के समय आतंकवाद का साया होता था लेकिन अब पांच लाख से अधिक लोगों ने बाबा अमरनाथ के दर्शन किए हैं। यह नया जम्मू कश्मीर है, जिसका हमें लंबे समय से इंतजार रहा है।
आज लाल चौक में भारत का झंडा बुलंद रहता है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। आने वाले सालों में भारत तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हर बड़ी घटना पर पूरी दुनिया आज भारत के रुख का इंतजार करती है। जो पाकिस्तान हमें आंखे दिखाता था, आज भारत की ओर आंख उठाने की हिम्मत नहीं करता। बीते 10 वर्षो में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं।

 

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in
Santosh Singh is an author and news content contributor at Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact Samachar Live team at samacharlive.in@gmail.com
- Advertisment -spot_img

Must Read