HomeUTTAR PRADESHहर कोई घर की ओर! दिल्ली-मुंबई-सूरत में ट्रेनों पर टूटा यात्रियों का...

हर कोई घर की ओर! दिल्ली-मुंबई-सूरत में ट्रेनों पर टूटा यात्रियों का सैलाब


Railway News: दीपावली और छठ महापर्व पर घर लौटने की होड़ ने देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ का नज़ारा पेश कर दिया है। खासतौर पर गुजरात के सूरत स्थित उधना रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम को जो दृश्य दिखा, वह चौंकाने वाला था। प्लेटफॉर्म नंबर 6से करीब 2किलोमीटर दूर तक यात्रियों की कतारें लगी थीं। रविवार को चलने वाली विभिन्न विशेष ट्रेनों के लिए लोग शनिवार की रात से ही खुले मैदान में लाइन में बैठे नज़र आए। इनमें बच्चे, महिलाएं और बुज़ुर्ग भी शामिल थे, जो बिना किसी सुविधा के धूल-मिट्टी में 12घंटे पहले से डटे हुए थे।


दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेल मंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा


नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद पहुंचकर भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को स्टेशन पर 1.75लाख यात्री पहुंचे, जिनमें से 75हजार यात्री बिना आरक्षण के थे। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 12,000से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया है। अतिरिक्त टिकट काउंटर, यात्री सुविधा केंद्र और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी रेल मंत्री ने कही।


मुंबई में भी ट्रेनों पर ‘जन सैलाब’


मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन रेलवे की पुख्ता तैयारी ने राहत दी। जनरल कोच के लिए विशेष बैरिकेडेड एरिया (खटाल) बनाए गए, जहां यात्रियों को अलग-अलग ट्रेनों के लिए कतारबद्ध किया गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और GRP जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं, जबकि कर्मचारी यात्रियों की सहायता में जुटे हैं। हालांकि, टिकट न मिलने की शिकायतें भी सामने आईं, लेकिन यात्रियों ने इस बार रेलवे की व्यवस्था को बेहतर बताया।


झांसी से गोरखपुर रूट पर भी जबरदस्त दबाव


उत्तर प्रदेश के झांसी स्टेशन पर भी गोरखपुर जाने वाले यात्रियों की भीड़ ने ट्रेनों को भर दिया है। आरक्षित हो या अनारक्षित कोच, यात्री खिड़की और दरवाज़ों से अंदर घुसते दिखे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए झांसी डीआरएम और रेलवे सुरक्षा बल ने कमान खुद संभाली है, जिससे स्थिति काबू में लाई जा सके। त्योहारों का यह सीजन रेलवे के लिए सबसे बड़ी परीक्षा बन गया है, लेकिन अब तक की तैयारियों से राहत की उम्मीद ज़रूर दिखती है।

Santosh Singhhttps://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
Santosh Singh is owner and cheif editor of Samachar Live, an independent Hindi news and information website. He is involved in researching, preparing, editing and publishing news content across various categories. Contact him at samacharlive.in@gmail.com chaeck more https://www.samacharlive.in/author-santosh-singh
- Advertisment -spot_img

Must Read